किश्तवाड़ में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी, एक जवान शहीद

By: PalPal India News
May 23, 2025

कश्मीर – जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के चतरू क्षेत्र स्थित सिंहपोरा इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ लगातार दूसरे दिन भी जारी है। जानकारी के अनुसार, इस क्षेत्र में चार आतंकियों के छिपे होने की आशंका है। इस अभियान के दौरान ड्यूटी पर तैनात एक जवान ने शहादत दी है। सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम आतंकियों को ढेर करने के प्रयास में जुटी हुई है। इस ऑपरेशन की निगरानी के लिए जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात ने इलाके का दौरा कर अभियान की समीक्षा की।

शहीद जवान को दी गई श्रद्धांजलि

इस मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए जवान की पहचान सिपाही गायकर संदीप पांडुरंग के रूप में हुई है, जो महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले की अकोले तहसील के करंडी गांव के रहने वाले थे। अधिकारियों और सुरक्षाबलों ने उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर अंतिम श्रद्धांजलि दी।

जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों की घेराबंदी

सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, इस क्षेत्र में जैश-ए-मोहम्मद के चार आतंकियों के छिपे होने की संभावना है। आतंकवाद विरोधी इस संयुक्त अभियान को जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना और सीआरपीएफ की टीमें अंजाम दे रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *