कश्मीर. जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के चतरू क्षेत्र में बुधवार शाम सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। यह कार्रवाई उस समय शुरू हुई जब अमरनाथ यात्रा के पहले जत्थे को जम्मू से रवाना किया गया था, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और बढ़ गई है।
सेना, पुलिस और सीआरपीएफ की एक संयुक्त टीम को चतरू के कुचाल क्षेत्र में आतंकियों की मौजूदगी की ठोस जानकारी मिली थी। इसके बाद इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। तलाशी अभियान तेज होते ही आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी।
सेना की व्हाइट नाइट कोर ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया, “विशेष खुफिया इनपुट के आधार पर किश्तवाड़ के कनजल मंडू क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी है। आतंकियों के साथ संपर्क स्थापित हो चुका है और ऑपरेशन अभी भी जारी है।”
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ में शामिल आतंकी पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हो सकते हैं। माना जा रहा है कि 2 से 3 आतंकी अभी भी घने जंगलों में छिपे हुए हैं और रुक-रुक कर गोलीबारी कर रहे हैं। आतंकियों के बच निकलने की किसी भी संभावना को खत्म करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षाबलों को मौके पर भेजा गया है।
अमरनाथ यात्रा को लेकर सुरक्षा सख्त- 3 जुलाई से अमरनाथ यात्रा की आधिकारिक शुरुआत को ध्यान में रखते हुए जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। श्रद्धालु बालटाल और पहलगाम रूट के जरिए यात्रा कर रहे हैं, जिनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
गौरतलब है कि 9 अप्रैल को भी इसी इलाके में एक मुठभेड़ के दौरान तीन जैश आतंकियों को मार गिराया गया था, जिनके पास से एके और एम4 राइफलों सहित भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए थे। वहीं, 22 मई को सिंहपोरा, चतरू क्षेत्र में हुए एक अन्य ऑपरेशन में एक सैनिक शहीद हो गया था और दो जवान घायल हुए थे।