गुरुग्राम में पिता ने ली टेनिस प्लेयर बेटी की जान, राधिका यादव की मौत से खेल जगत में शोक

By: PalPal India News
July 11, 2025

गुरुग्राम. गुरुग्राम में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपनी 25 वर्षीय बेटी और स्टेट-लेवल टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। गुरुवार को हुए इस वारदात से खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। राधिका यादव का जन्म 23 मार्च 2000 को हुआ था और वह हरियाणा की उभरती हुई टेनिस प्रतिभाओं में शामिल थीं। इंटरनेशनल टेनिस फेडरेशन (ITF) की डबल्स कैटेगरी में उनकी रैंकिंग 113 थी, जबकि हरियाणा महिला डबल्स रैंकिंग में वह 5वें स्थान पर थीं। अनुशासन, मेहनत और खेल के प्रति समर्पण ने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया था।

गुरुग्राम पुलिस के मुताबिक, राधिका और उनके पिता के बीच सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई रील को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि राधिका अक्सर इंस्टाग्राम पर रील्स शेयर करती थीं, जो उनके पिता को नापसंद था। यह घरेलू तनाव उस दिन इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर पिता ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से राधिका पर तीन गोलियां चला दीं।

घायल राधिका को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी हथियार जब्त कर लिया है और आरोपी पिता के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और जांच जारी है।

राधिका के पूर्व कोच मनोज भारद्वाज ने उनकी मृत्यु पर गहरा शोक जताते हुए कहा, “वह बेहद अनुशासित और प्रतिभाशाली खिलाड़ी थीं। उनकी मेहनत और लगन ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाया था। यह घटना केवल उनके परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे खेल जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *