फिलाडेल्फिया: चेल्सी ने फीफा क्लब वर्ल्ड कप 2025 के क्वार्टर फाइनल में ब्राजील की टीम पाल्मेरास को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। यह रोमांचक मुकाबला फिलाडेल्फिया के लिंकन फाइनेंशियल फील्ड स्टेडियम में खेला गया।
चेल्सी के लिए पहला गोल कोल पाल्मर ने पहले हाफ में किया, जिससे टीम को शुरुआती बढ़त मिल गई। हालांकि, दूसरे हाफ की शुरुआत में ही पाल्मेरास ने जोरदार वापसी की। 53वें मिनट में युवा खिलाड़ी एस्टेवाओ ने शानदार गोल कर मैच को बराबरी पर ला दिया।
लेकिन मैच के अंतिम क्षणों में, 83वें मिनट में अगस्टिन जियाय का आत्मघाती गोल चेल्सी के लिए निर्णायक साबित हुआ और इसी के चलते ‘ब्लूज’ ने 2-1 से जीत दर्ज की।
चेल्सी के मैनेजर एन्जो मारेस्का ने जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “जैसा कि हमें उम्मीद थी, यह काफी कठिन मुकाबला था। हमने पहले हाफ में बेहतर प्रदर्शन किया और मैच को नियंत्रण में रखा। मैं अपने खिलाड़ियों के प्रदर्शन से बहुत खुश हूं। यह हमारे लिए एक शानदार रात रही।”
वहीं दूसरी ओर, ब्राज़ीलियन क्लब फ्लूमिनेंसे ने भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए अल हिलाल को 2-1 से हराकर अंतिम चार में प्रवेश कर लिया। यह दोनों क्लबों के बीच पहली भिड़ंत थी।
फ्लूमिनेंसे के लिए पहला गोल 40वें मिनट में मैथियस मार्टिनेली ने दागा। हालांकि, अल हिलाल ने 51वें मिनट में मार्कस लियोनार्डो के गोल की मदद से मुकाबला 1-1 कर दिया। लेकिन 70वें मिनट में हर्क्यूलिस के गोल ने फ्लूमिनेंसे को निर्णायक बढ़त दिलाई और टीम को ऐतिहासिक जीत हासिल हुई।
हालांकि शुरू में फ्लूमिनेंसे को टूर्नामेंट की एक कमजोर टीम माना जा रहा था, लेकिन अब यह टीम 9 जुलाई को सेमीफाइनल में चेल्सी से भिड़ेगी, और मुकाबला दिलचस्प होने की पूरी उम्मीद है।