पलपल इंडिया प्रतिनिधि। पन्ना नगर के वार्ड क्रमांक 26 पुराना पन्ना बीड़ी कॉलोनी में शासकीय भूमि पर बने मदरसे के खिलाफ मुस्लिम समाज के ही कुछ लोगों के द्वारा लगातार की जा रही शिकायतों एवं बीते दिन सांसद विष्णु दत्त शर्मा के द्वारा मामले में प्रतिक्रिया देने के बाद तहसीलदार के द्वारा नोटिस जारी कर दो दिन के अंदर मदरसा गिरने के निर्देश दिए गए थे जिस पर मदरसा संचालक के द्वारा आज 11 अप्रैल 2025 को स्वयं मदरसा गिरने का काम प्रारंभ करवा दिया गया है। फिलहाल इस कार्य में लगभग दर्जन भर लोग लगे हुए हैं।
मदरसा कर्मियों ने बताया कि यह मदरसा लगभग 20 सालों से चल रहा है पहले यह क्षेत्र ग्राम पंचायत अंतर्गत आता था लेकिन अब नगर पालिका के अधीन हो चुका है। आगे बताया कि कुछ व्यक्तियों के द्वारा मदरसा में अवैध गतिविधियां संचालित होने एवं अन्य आरोपों के तहत शिकायत की गई है। इसलिए प्रशासन को मदरसे की गतिविधियों के संबंध में जांच करवानी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके की शिकायत सही है या गलत। इसके अलावा शिकायतकर्ताओं की गतिविधियों की जांच कर उनकी सच्चाई भी सामने लानी चाहिए।
मुस्लिम समाज के लोगों ने की थी शिकायत
बता दें कि दो दिन पहले ही इस मदरसे को लेकर मुस्लिम समाज के कुछ व्यक्तियों ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा से शिकायत की थी कि पन्ना जिले में एक अवैध रूप से बने मदरसे में अवैध गतिविधियों एवं अन्य गलत कार्य हो रहे हैं। बीडी शर्मा ने चिंता जाहिर करते हुए तुरंत प्रशासन से बात कर इस पर कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही थी और और जिला प्रशासन द्वारा मदरसा संचालक को नोटिस जारी किया गया था। मदरसा संचालक ने आनन-फानन में ही मदरसे को खुद मजदूर और जेसीबी लगाकर तुड़वा दिया।