सावन का पहला सोमवार: देशभर के शिव मंदिरों में उमड़ा भक्तों का सैलाब

By: PalPal India News
July 14, 2025

नई दिल्ली. आज सावन का पहला सोमवार है और पूरे देश में भगवान शिव के भक्तों में गजब का उत्साह देखने को मिला। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, उत्तराखंड जैसे कई राज्यों के प्रमुख शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।

ग्वालियर के अचलेश्वर महादेव मंदिर, अयोध्या के नागेश्वरनाथ और हनुमानगढ़ी मंदिर, वाराणसी का प्रसिद्ध काशी विश्वनाथ मंदिर, मुंबई का बाबुलनाथ मंदिर और हरिद्वार का दक्षेश्वर महादेव मंदिर श्रद्धालुओं से खचाखच भरे रहे। भक्तों ने शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र और भस्म अर्पित कर विशेष पूजा-अर्चना की।

‘हर हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। कई जगहों पर कांवड़ियों ने गंगा जल लाकर शिवलिंग का अभिषेक किया। दिल्ली के छतरपुर मंदिर और जयपुर के झारखंड महादेव मंदिर में भी बड़ी संख्या में भक्त जुटे। मंदिरों में भीड़ को देखते हुए प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की ओर से विशेष सुरक्षा और व्यवस्था के इंतजाम किए गए।

इस बार सावन के महीने में कुल चार सोमवार आएंगे। आज 14 जुलाई को पहला सोमवार मनाया जा रहा है, इसके बाद अगले तीन सोमवारों को भी शिवभक्ति की इसी तरह की धूम देखने को मिलेगी। सावन के इन पावन दिनों में भक्त भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए व्रत, पूजन और अभिषेक करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *