पलपल इंडिया प्रतिनिधि। गढ़चिरौली जिले के अहेरी शहर में युवती की इंस्टाग्राम पर एक युवक के साथ दोस्ती हुई। इस दोस्ती की आड़ में युवक ने एक दिन युवती को अपनी हवस का शिकार बना लिया। आरोपी युवक को गढ़चिरौली पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया हैं।
दरअसल आरोपी युवक शाहनवाज मलिक, मेरठ (उत्तर प्रदेश) निवासी है। युवती और आरोपी की मुलाकात जून 2023 में इंस्टाग्राम पर हुई थी। कुछ दिनों बाद आरोपी सेंटरिंग के काम से अहेरी आया। आरोपी और युवती के बीच पहली मुलाकात 11 जून 2023 को हुई थी। उसके बाद आरोपी ने जुलाई 2023 में युवती को अपने कमरे में बुलाया। इसी दौरान उसने युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए।
जानकारी के मुताबिक युवक ने अपने मोबाइल फोन पर युवती की तस्वीरें लीं। और युवती को कई बार अपने कमरे पर बुलाया और जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान युवक ने कई बार युवती को तस्वीरें वायरल करने की धमकी दी। इस दौरान युवक ने कई बार वीडियो कॉल भी की और कहा कि वह युवती के कपड़े उतारकर उसका वीडियो बनाना चाहता है। लेकिन जब युवती ने बताया कि उसके मामा उसके शादी के लिए लड़का ढूंढ रहे हैं तो उसने उसे जान से मारने की धमकी दी और कहा कि वह उसकी किसी से शादी नहीं होने देगा।
जब आरोपी युवक को इस बात की जानकारी हुई कि युवती की शादी होनेवाली है और एक लड़का उसे देखने के लिए आनेवाला है। इसके बाद आरोपी युवक ने युवती के इंस्टाग्राम और फेसबुक पर कपड़े उतारने का वीडियो अपलोड करके उसे बदनाम किया। युवती की शिकायत के आधार पर अहेरी पुलिस ने आरोपी का पता लगाया और उसे दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। आरोपी युवक को अहेरी अदालत में पेश किया गया और 21 अप्रैल 2025 तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। अहेरी पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर स्वप्निल एज्जापवार इस मामले में जांच अधिकारी के रूप में काम कर रहे हैं।