पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना ने पाँच वर्ष के नवीन अहिरवार को नया जीवन प्रदान किया है। योजना से स्वीकृत राशि से नवीन के ह्रदय की सफल सर्जरी की गई है। नवीन अब पूरी तरह स्वस्थ्य है और परिवार के साथ खुशियों के पल साझा कर रहा है।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के जिला प्रबंधक सुभाष शुक्ला से प्राप्त जानकारी के अनुसार पनागर तहसील के ग्राम सूखा निवासी मुकेश अहिरवार का पुत्र नवीन हृदय रोग से ग्रसित था। इसकी जानकारी बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करने सूखा पहुँची राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम की डॉ रज़ी नफीस एवं डॉ किरण त्रिपाठी को मिली। इसके तुरंत बाद नवीन का जिला अस्पताल के विषय विशेषज्ञ से परीक्षण कराया गया और मुख्यमंत्री बाल हृदय योजना का प्रकरण तैयार कर परिजनों की सहमति से उपचार के लिये उसे दमोह नाका जबलपुर स्थित मेट्रो अस्पताल रैफर किया गया, जहां 21 फरवरी को नवीन के हृदय की सफल सर्जरी की गई। मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना से स्वीकृत राशि से हृदय की सफल सर्जरी से खुश नवीन के परिवारजनों ने कलेक्टर दीपक सक्सेना, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजय मिश्रा तथा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम का आभार व्यक्त किया है।