पलपल इंडिया प्रतिनिधि। इस साल जून माह से ही दीपावली और छठ महापर्व के लिए टिकटों की बुकिंग शुरू हो गई है। दिल्ली, कोलकाता, हैदराबाद और बेंगलुरु हवाई मार्ग पर आने वाले यात्रियों को हवाई किराए में राहत नहीं है।
दीपावली और छठ महापर्व में अभी चार महीने से अधिक बाकी है, लेकिन अभी से ही हवाई टिकटों की बुकिंग महंगे दर पर तेजी से कराई जा रही है। चार माह पूर्व किराया में वृद्धि देख दरभंगा एयरपोर्ट से दीपावली और छठ महापर्व के मौके पर आने वाले यात्री चकित हैं। इस बार 21 अक्टूबर को दीपावली का त्योहार मनाया जाएगा। बता दें, दरभंगा एयरपोर्ट पर अभी तीन विमानन कंपनियां सेवा दे रही हैं।
पिछले वर्ष दीपावली और छठ महापर्व पर अक्टूबर माह में मुंबई से दरभंगा वापस लौटने वाले यात्रियों को एक टिकट पर 14 से 15 हजार रुपया लग रहा था। तब इस हवाई मार्ग पर केवल स्पाइसजेट कंपनी की उड़ान सेवा थी। इस बार तीन एयरलाइंस की सेवाएं उपलब्ध हैं। इस बार स्पाइसजेट, आकाशा और इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान सेवा उपलब्ध है। इसके बाद भी किराए में उछाल है। इस बार जून माह से दीपावली और छठ महापर्व के लिए टिकटों की बुकिंग शुरू है। दिल्ली, कोलकाता, हैदराबाद और बेंगलुरु हवाई मार्ग पर आने वाले यात्रियों को हवाई किराए में राहत नहीं है।
मुंबई से दरभंगा वापस लौटने वाले यात्री को 18 से 21 अक्टूबर के बीच हवाई सफर करने पर स्पाइसजेट कंपनी से 11 से 13 हजार रुपये में एक टिकट उपलब्ध हो रहा है। इसी मार्ग पर इंडिगो के विमान में 13,778 रुपये में टिकट उपलब्ध है। आकाशा एयरलाइंस में एक टिकट खरीदने पर 17,232 रुपये यात्री को चुकाने पड़ रहे हैं। जबकि, इसी हवाई मार्ग पर दरभंगा से जाने वाले यात्री को 8 से 15 हजार रुपये के बीच लग रहा है। दिल्ली से वापस घर लौटने वाले यात्री को एक टिकट लेने पर पटना एयरपोर्ट के मुकाबले तीन से चार हजार अतिरिक्त दरभंगा एयरपोर्ट से देने पड़ते हैं।