हिमाचल के खनियारा में बाढ़ से तबाही, मणुणी खड्ड में बहे कई मजदूर, दो की मौत

By: PalPal India News
June 26, 2025

धर्मशाला. हिमाचल प्रदेश में मानसूनी बारिश के चलते हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। कुल्लू के बाद अब धर्मशाला भी बाढ़ की चपेट में आ गया है। जिले के खनियारा क्षेत्र में मणुणी खड्ड का जलस्तर अचानक बढ़ने से भारी तबाही मच गई। तेज बहाव की चपेट में आकर एक क्रशर प्लांट में काम कर रहे कई मजदूर बह गए, जिनमें से दो के शव बरामद किए जा चुके हैं।

100 से अधिक मजदूर थे मौके पर, 14-15 के बहने की आशंका
यह हादसा बुधवार दोपहर 2 से 3 बजे के बीच का है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उस समय करीब 100 मजदूर साइट पर कार्यरत थे, जब अचानक मणुणी खड्ड में बाढ़ आ गई। लगभग 14-15 मजदूर पानी की तेज़ धार में बह गए।

मौके पर काम कर रहे एक मजदूर दयाकिशन ने बताया, “हमें नीचे जाने को कहा गया था। जैसे ही हम अपना सामान लेने गए, तभी बाढ़ आ गई। मेरा बैग, मोबाइल और साथियों के पैसे तक बह गए।”

एक अन्य श्रमिक रवि कुमार ने बताया, “सुबह से हल्की बारिश हो रही थी। हम दोपहर का खाना खाकर आराम कर रहे थे, तभी अचानक तेज़ बाढ़ आ गई और जानमाल का बड़ा नुकसान हुआ। हमारा एक साथी जम्मू से था, वो भी लापता है।”

दो शव बरामद, राहत और बचाव कार्य जारी
जानकारी के अनुसार, एक शव मणुणी खड्ड में नीचे की ओर बहता पाया गया, जबकि दूसरा शव प्रोजेक्ट के फेस-2 क्षेत्र में मिला। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य जारी है, वहीं अन्य लापता मजदूरों की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने जताया दुख
इस दुखद हादसे पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने गहरा शोक जताया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और राज्य प्रशासन को हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *