संपत्ति के लिए बेटे ने पिता और बहन को उतारा मौत के घाट, जानिये डबल मर्डर के पीछे की पूरी कहानी

By: PalPal India News
July 9, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में संपत्ति विवाद को लेकर एक बेटे ने अपने बुजुर्ग पिता और सगी बहन की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (वरुण क्षेत्र) नीतू कत्याल ने बताया कि दोहरे हत्याकांड की यह दिल दहला देने वाली घटना मंगलवार को कैंट थाना क्षेत्र की प्रताप नगर कॉलोनी में हुई। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

संपत्ति विवाद बना हत्या की वजह

अधिकारी ने बताया कि यह पूरा विवाद पारिवारिक संपत्ति को लेकर हुआ। बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपी राजेश कुमार ने अपने 78 वर्षीय पिता रूप चंद्र भारद्वाज और 50 वर्षीय बहन शिवकुमारी पर कथित तौर पर हमला कर दिया। पुलिस ने बताया कि राजेश ने लोहे की रॉड और ईंटों से बार-बार वार किए, जिसके कारण पिता और बहन दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पड़ोसियों से सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी राजेश व उसकी पत्नी को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।

पिता ने बेटी के नाम कर दी थी संपत्ति

पुलिस ने बताया कि मृतक रूप चंद्र भारद्वाज एक सरकारी विभाग से रिटायर्ड थे। उन्होंने प्रताप नगर कॉलोनी में जमीन खरीदकर एक घर बनवाया था और बाद में अपनी यह संपत्ति अपनी बेटी शिवकुमारी के नाम कर दी थी। इसी बात को लेकर राजेश का अपने पिता से लगातार झगड़ा होता रहता था।

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को यह विवाद इतना बढ़ गया कि राजेश ने आपा खो दिया और जानलेवा हमला कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि कैंट पुलिस इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने पारिवारिक विवादों के खूनी अंजाम पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *