नई दिल्ली. जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद की तबीयत कुवैत में बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें वहां के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। तेज गर्मी के चलते उनकी तबीयत खराब हुई, जिसकी जानकारी उन्होंने खुद एक सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए दी।
गुलाम नबी आजाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का संदेश लेकर कुवैत पहुंचे प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थे। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व बीजेपी सांसद बैजयंत पांडा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दौरे के शेष हिस्से में आजाद की गैरमौजूदगी महसूस की जाएगी। आजाद ने बताया कि उनकी सेहत में अब सुधार हो रहा है और सभी मेडिकल जांच की रिपोर्ट सामान्य आई है। कुवैत के दौरे से पहले वह बहरीन भी गए थे, और इसके बाद उन्हें सऊदी अरब और अल्जीरिया की यात्रा करनी थी, लेकिन अब खराब तबीयत के चलते वह आगे का दौरा पूरा नहीं कर पाएंगे।