नई दिल्ली. सोमवार की शाम भारतीय सर्राफा बाजार में ऐतिहासिक क्षण देखा गया, जब 24 कैरेट (999) शुद्धता वाले सोने की कीमत 10 ग्राम के लिए 97,200 रुपये तक पहुंच गई। इस पर 3% जीएसटी जोड़ने के बाद इसका बाजार भाव 1,00,116 रुपये हो गया, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। यह पहली बार है जब सोने की कीमत ने 1 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम का आंकड़ा पार किया है।
साल की शुरुआत से अब तक सोना करीब 26% यानी 20,800 रुपये प्रति 10 ग्राम महंगा हो चुका है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर जून डिलीवरी के लिए सोना 97,288 रुपये तक पहुंचा, जो अब तक का सर्वाधिक स्तर है। शाम 6:45 बजे तक इसमें 1,946 रुपये यानी 2.04% की बढ़त दर्ज की गई।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी तेजी
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमतों में मजबूती देखी गई है। अमेरिकी वायदा बाजार COMEX पर सोना 3,407.30 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस तक पहुंच गया, जिसमें 2.37% यानी 78.90 डॉलर की वृद्धि हुई। इसकी मुख्य वजह है डॉलर इंडेक्स (DXY) का कमजोर होना, जो अब 99 से नीचे गिर चुका है और बीते तीन महीनों में 10% तक टूट चुका है।
सुरक्षित निवेश के तौर पर सोना बना पहली पसंद
डॉलर की घटती साख के चलते निवेशक और कई देशों के केंद्रीय बैंक अब सोने को एक सुरक्षित विकल्प मान रहे हैं। अमेरिका की व्यापार नीतियाँ और टैरिफ युद्ध ने बाजार में अनिश्चितता बढ़ा दी है, जिससे सोने की मांग और कीमत दोनों में इज़ाफ़ा हुआ है।
चीन-अमेरिका तनाव ने भी बढ़ाया सोने का आकर्षण
हालांकि अमेरिका ने कुछ देशों पर लगाए गए टैरिफ को अस्थायी रूप से तीन महीने के लिए टाल दिया है, लेकिन चीन के खिलाफ सख्त रुख जारी है। जवाब में चीन ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है, जिससे वैश्विक मंदी की आशंका बढ़ गई है। ऐसे माहौल में सोने को एक सुरक्षित संपत्ति के रूप में देखा जा रहा है, जिससे इसकी चमक और भी बढ़ गई है।