नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा यूरोपीय यूनियन (ईयू) के साथ व्यापार समझौते की बातचीत की समयसीमा 9 जुलाई तक बढ़ाए जाने के बाद सोमवार को सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर 5 जून 2025 डिलीवरी वाले सोने के वायदा अनुबंध का मूल्य 0.76 फीसदी गिरकर 95,690 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। वहीं, 4 जुलाई 2025 डिलीवरी वाली चांदी की कीमत बढ़कर 98,048 रुपये प्रति किलो हो गई।
हाजिर बाजार में भी सोने की कीमतों में नरमी आई है। इंडिया बुलियन ज्वैलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के अनुसार, 24 कैरेट सोना 95,471 रुपये से घटकर 95,382 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। 22 कैरेट सोना 87,451 रुपये से घटकर 87,370 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जबकि 18 कैरेट सोना 71,603 रुपये से गिरकर 71,537 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया।
इसके विपरीत, चांदी की कीमतों में तेजी देखी गई है। हाजिर बाजार में चांदी का भाव 801 रुपये की बढ़त के साथ 97,710 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गया, जो पहले 96,909 रुपये प्रति किलो था। एलकेपी सिक्योरिटीज के जतीन त्रिवेदी का कहना है कि बॉन्ड खरीद में बढ़ोतरी जैसे संकेत यह दर्शाते हैं कि निवेशक सुरक्षित परिसंपत्तियों की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे सोने की वैश्विक मांग पर असर पड़ा है। उन्होंने आगे कहा कि आगामी कारोबारी सत्रों में सोने की कीमतें 95,000 से 96,500 रुपये प्रति 10 ग्राम के दायरे में रहने की संभावना है।
निवेशकों की नजर अब अमेरिकी मैन्युफैक्चरिंग और सेवा पीएमआई आंकड़ों के साथ-साथ नए घरों की बिक्री जैसे प्रमुख आर्थिक आंकड़ों पर रहेगी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना गिरावट के साथ 3,362 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी हल्की तेजी के साथ 33.61 डॉलर प्रति औंस पर बनी हुई थी।