गोंडा में ‘गोल्डन गुजिया’ की बहार, 24 कैरेट सोने से सजी मिठाई की कीमत 50,000 रुपये किलो

By: PalPal India News
March 13, 2025

गोंडा। होली के आते ही बाजारों में मिठाइयों की रौनक बढ़ जाती है, लेकिन उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में एक मिठाई की दुकान ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। यहां 50,000 रुपये प्रति किलो की खास ‘गोल्डन गुजिया’ बिक रही है, जिसकी कीमत प्रति पीस 1300 रुपये है। दुकान के मैनेजर शिवकांत चतुर्वेदी के मुताबिक, यह गुजिया 24 कैरेट शुद्ध सोने की परत से सजी हुई है। उन्होंने बताया, “हमारी गोल्डन गुजिया में खाने योग्य सोने की परत चढ़ाई गई है। साथ ही, इसमें प्रीमियम क्वालिटी के सूखे मेवे – काजू, बादाम, पिस्ता और विदेशी केसर का इस्तेमाल किया गया है।”

इस गुजिया की स्टफिंग पारंपरिक खोये के साथ-साथ विदेशी केसर और हाई क्वालिटी ड्राई फ्रूट्स के मिश्रण से तैयार की जाती है। इसके ऊपर खाने योग्य सोने की पतली परत चढ़ाई जाती है, जिससे यह गुजिया न सिर्फ स्वाद में बल्कि दिखने में भी बेहद खास बन जाती है।

इस अनोखी मिठाई को देखने और खरीदने के लिए ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। कई लोग इसे होली के गिफ्ट के रूप में खरीद रहे हैं। वहीं, सोशल मीडिया पर भी यह ‘गोल्डन गुजिया’ चर्चा का विषय बनी हुई है।  दुकान के मालिक के अनुसार, यह खास गुजिया लिमिटेड एडिशन प्रोडक्ट है और हर दिन इसकी सीमित संख्या ही तैयार की जाती है। इसे पारंपरिक विधियों से बनाया जाता है, जिससे इसका स्वाद और गुणवत्ता बनी रहे। गोंडा की यह गोल्डन गुजिया होली के त्योहार पर एक नई पहचान बना रही है और मिठाई प्रेमियों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *