गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए एक बार फिर मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। पार्टी के जिला अध्यक्ष अमर किशोर कश्यप उर्फ ‘बम-बम’ का एक आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वायरल क्लिप में वह एक महिला के साथ अशोभनीय हरकत करते नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो जिला बीजेपी कार्यालय के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुआ था और अब लगभग 1 महीने 13 दिन बाद सोशल मीडिया पर सामने आया है।
इस मामले में अब अमर किशोर कश्यप की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। उन्होंने दावा किया कि यह वीडियो 12 अप्रैल का है और उसमें दिखाई दे रही महिला पार्टी की कार्यकर्ता है। उन्होंने कहा, “उस दिन महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी और चक्कर आने पर मैंने उसे केवल सहारा दिया था। इसे गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।”
फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है, जिससे न सिर्फ पार्टी की छवि पर असर पड़ रहा है बल्कि संगठन के अंदर भी इस मुद्दे को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पार्टी की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
देखना होगा कि बीजेपी इस विवाद पर क्या रुख अपनाती है और मामले की जांच को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं।