जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए हालिया आतंकी हमले के बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने मोदी सरकार पर आतंकवाद से निपटने में नाकामी का आरोप लगाया है। उन्होंने राफेल लड़ाकू विमान का एक खिलौना मॉडल दिखाते हुए उस पर नींबू और मिर्ची टांगी और सरकार की नीति पर तंज कसते हुए कहा कि “राफेल क्या सिर्फ नजरबट्टू के लिए खरीदे गए थे?”
अजय राय ने कहा, “देश में आतंकी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। आम नागरिकों के साथ-साथ हमारे जवान भी इन हमलों का शिकार हो रहे हैं। हाल ही में पहलगाम में हुए हमले में कई सैनिक शहीद हो गए, लेकिन सरकार पूरी तरह खामोश है। जो सरकार आतंकवाद को जड़ से मिटाने के दावे करती थी, वह अब कहां है?”
उन्होंने सरकार से यह भी पूछा कि आखिर कब आतंकियों, उनके समर्थकों और उन्हें शह देने वालों के खिलाफ सख्त और निर्णायक कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि “देश के जवानों की शहादत का जवाब भाषणों से नहीं, ठोस एक्शन से दिया जाना चाहिए।”
राफेल विमान पर नींबू-मिर्ची टांगकर किए गए इस प्रतीकात्मक विरोध ने न सिर्फ सियासी हलकों में बहस छेड़ दी है, बल्कि सोशल मीडिया पर भी यह तेजी से वायरल हो रहा है। गौरतलब है कि कांग्रेस पहले भी राफेल सौदे को लेकर सवाल उठाती रही है, लेकिन अजय राय का यह व्यंग्यात्मक अंदाज़ इस बार लोगों का खास ध्यान खींच रहा है।