सेना का जवान बताकर जबलपुर बुलाया और किया दुष्कर्म, विडियो बना कर दे रहा था धमकी

By: PalPal India News
June 20, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। सिवनी निवासी युवती को एक युवक ने सेना का जवान बताकर जबलपुर बुलाया और दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं आरोपी ने अश्लील वीडियो बनाकर सोने की चेन छीनी और फरार हो गया। युवती की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर केस ओमती थाने भेजा।

फेसबुक से हुई दोनों के बीच दोस्ती

ओमती पुलिस के मुताबिक़ रीवा निवासी 28 वर्षीय युवती के पिता सिवनी में नौकरी करते है। इसके चलते वह सिवनी में रहती है। एक माह पूर्व उसकी मुलाकात फेसबुक के माध्यम से मुरैना के डिगवान जौरा निवासी अंकित मीना से हुई। अंकित ने युवती को बताया कि वह सेना में हैं और उसकी अम्बाला में पोस्टिंग है। दोनों की फोन पर बातचीत होने लगी। उसने शादी की बात कही। बताया कि वह एक माह की छुट़टी पर आया है। युवती ने तीन जून को उसे रीवा अपने घर मिलने बुलाया, जहां युवती की मां ने शादी से इंकार कर दिया।

सिवनी पहुंच युवती को लेकर निकला

रीवा से युवती वापस सिवनी लौट आई। अंकित भी 9 जून को सिवनी पहुंच गया। उसने फोन लगाया। सभी दस्तावेजों के साथ युवती को मिलने बुलाया। युवती वहां पहुंची, तो अंकित ने उसे जरूरी दस्तावेज लेकर आने को बोला। उसे बस में बैठाकर भोपाल ले जाने की बात कही। युवक ने युवती को जबलपुर में उतार लिया, जहां से उसे होटल लेकर गया।

पहले मांगी, फिर वीडियो बना छीनी चैन

दोनों होटल स्टेण्डर्ड में रूके, जहां युवती से चैन मांगी। युवती ने इंकार कर कर दिया। 10 जून की सुबह आरोपी ने युवती से दुष्कर्म किया। उसका अश्लील वीडियो बना लिया। उसे वायरल करने की धमकी दी। सोने की चैन छीन ली। उसके बाद ग्वालियर जाने की बात कहकर निकल गया। यह भी धमकी दी कि वह होटल से निकली, तो वह जान से खत्म कर देगा। युवती उसके जाते ही होटल से निकल अपने घर पहुंच गई। आरोपी ने युवती के भाई को इंस्टाग्राम पर अश्लील वीडियो भेज दिया, तब वे सिवनी पुलिस के पास पहुंचे और एफआईआर दर्ज कराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *