नई दिल्ली. ब्राजील फुटबॉल टीम के खराब प्रदर्शन और निराशाजनक नतीजों के चलते मुख्य कोच डोरिवल जूनियर को उनके पद से हटा दिया गया है। अर्जेंटीना के खिलाफ 4-1 की हार ब्राजील के लिए विश्व कप क्वालिफायर में सबसे शर्मनाक हारों में से एक रही, जिसके तीन दिन बाद ब्राजील फुटबॉल परिसंघ (CBF) ने उन्हें पदमुक्त करने का फैसला किया।
CBF अध्यक्ष का बयान
CBF अध्यक्ष एडनाल्डो रौड्रिगेस ने कहा, ‘परिसंघ यह घोषणा करता है कि डोरिवल जूनियर का कार्यकाल पूरा हो गया है। अब हम नए विकल्प की तलाश कर रहे हैं।’ ब्राजील इस समय 2026 विश्व कप क्वालिफाइंग तालिका में पांचवें स्थान पर है। हालांकि, शीर्ष छह टीमें सीधे फीफा विश्व कप के लिए क्वालिफाई करेंगी।
ब्राजील टीम की हालिया विफलताएँ
2024 कोपा अमेरिका: क्वार्टर फाइनल में उरुग्वे से हारकर बाहर
2022 फीफा विश्व कप: क्रोएशिया के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में हार (पेनल्टी शूटआउट 4-2)
2021 कोपा अमेरिका: फाइनल में अर्जेंटीना से हार (1-0)
2018 फीफा विश्व कप: क्वार्टर फाइनल में बेल्जियम ने हराया (2-1)
2014 फीफा विश्व कप: सेमीफाइनल में जर्मनी से करारी शिकस्त (7-1)
ब्राजील ने आखिरी बार 2019 में कोपा अमेरिका का खिताब जीता था, जब उन्होंने फाइनल में पेरू को 3-1 से हराया था। हालांकि, 2002 के बाद से ब्राजील ने कोई फीफा विश्व कप नहीं जीता है। डोरिवल जूनियर को हटाने के बाद ब्राजील फुटबॉल संघ अब नए मुख्य कोच की तलाश कर रहा है। ब्राजील को उम्मीद है कि नया कोच टीम को 2026 फीफा विश्व कप के लिए तैयार करेगा और बीते कुछ वर्षों की निराशाजनक फॉर्म से उबारेगा।