नई दिल्ली: दिल्ली में भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार के लिए राजधानी में ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। इसका मतलब है कि लू और गर्मी की स्थिति काफी खतरनाक है और लोगों को खास सतर्कता बरतने की जरूरत है।
दिल्ली में तापमान तो बेहद ऊंचा है ही, हवा में नमी भी काफी बढ़ गई है, जिससे उमस भरी गर्मी असहनीय हो गई है। बुधवार शाम को राजधानी में नमी का स्तर 40% तक पहुंच गया था, जिसके चलते 45 डिग्री सेल्सियस का तापमान भी 52 डिग्री जैसा महसूस हो रहा था। आज भी इसी तरह की स्थिति बनी रहने की आशंका है।
हालांकि, मौसम विभाग ने राहत की संभावना जताई है। आज शाम के समय धूल भरी आंधी या गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत में सक्रिय ‘पश्चिमी विक्षोभ’ के कारण नमी में बढ़ोतरी हो रही है, जिसकी वजह से गर्मी और ज्यादा चुभने वाली महसूस हो रही है। दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए राहत भरी खबर यह है कि शुक्रवार से बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है, जो वीकेंड तक जारी रह सकता है। इस बारिश से पारे में गिरावट आने की संभावना है और तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ सकता है। अगले कुछ दिनों में इस झुलसाने वाली गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।