देहरादून/शिमला: उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों के लिए 19 और 20 मई को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि राज्य के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक देखने को मिल सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं को लेकर उत्तराखंड पुलिस ने विशेष सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। श्रद्धालुओं से कहा गया है कि वे मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करें और किसी आपात स्थिति में तुरंत 112 नंबर पर संपर्क करें। पुलिस ने आग्रह किया है कि यात्री सतर्कता बरतें और सुरक्षित यात्रा करें।
इसी बीच हिमाचल प्रदेश के ऊना, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में भी 19-20 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां ओलावृष्टि, तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। राज्य के मध्य और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी भी हो सकती है, जो 21 मई तक जारी रह सकती है।
हिमाचल के मंडी समेत कई क्षेत्रों में तेज बारिश और आंधी-तूफान के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई है और सड़क यातायात भी प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घरों के भीतर रहें और भूस्खलन या बाढ़ संभावित क्षेत्रों से दूर रहें। आपदा प्रबंधन टीमें तैनात कर दी गई हैं और हालात पर करीबी निगरानी रखी जा रही है।