दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत में झमाझम बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट

By: PalPal India News
February 20, 2025

नई दिल्ली. दिल्ली-NCR और उत्तर भारत के कई हिस्सों में देर रात से तेज बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 20 जनवरी 2025 के लिए ताजा अपडेट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, 20 से 21 फरवरी तक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हरियाणा, पंजाब, दिल्ली-NCR, नोएडा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान बादल छाए रहेंगे और ठंड में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।

इन राज्यों में रहेगा अलर्ट
उत्तर प्रदेश:
लखीमपुर खीरी, सीतापुर, शाहजहांपुर, बदायूं और हरदोई समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। IMD ने इन इलाकों में बिजली गिरने की चेतावनी जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
राजस्थान: पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बीकानेर, जोधपुर, जयपुर और कोटा में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि झुंझुनू, भरतपुर और नागौर समेत 14 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
हिमालयी क्षेत्र: जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। IMD ने इन इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिससे तापमान में भारी गिरावट आ सकती है। उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में भी 20 फरवरी को बर्फबारी और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
पूर्वोत्तर भारत: चक्रवाती सर्कुलेशन के कारण पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, असम, नागालैंड, मिजोरम, सिक्किम और मणिपुर में भारी बारिश और तेज आंधी चल सकती है। इन इलाकों में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है, जिससे ठंड का असर बना रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार, इस बदलाव के कारण लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है, खासकर उन इलाकों में जहां तेज बारिश, आंधी और बर्फबारी का खतरा बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *