नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मौसम ने भीषण रूप ले लिया है। भारतीय मौसम विभाग ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश सहित 11 राज्यों में आंधी, तेज बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया है। वहीं, झारखंड में आकाशीय बिजली गिरने से 5 और महाराष्ट्र में 2 लोगों की मौत हो गई है। झारखंड और बिहार सहित 13 राज्यों में आज भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। बेंगलुरु में सोमवार को मूसलधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। शहर की कई सड़कें जलमग्न हो गईं और 500 से अधिक घरों में पानी भर गया। कंचनजुंगा लेआउट में पानी भरे अपार्टमेंट में करंट लगने से 12 वर्षीय बच्चा और 63 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। वहीं, व्हाइटफील्ड में दीवार गिरने से 35 वर्षीय महिला की जान चली गई। मौसम विभाग ने आज भी यलो अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली, राजस्थान और हरियाणा में लू का कहर
उत्तर भारत के कई मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं। मौसम विभाग ने राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ के लिए हीटवेव (लू) की चेतावनी दी है। मध्य प्रदेश के खजुराहो में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश का बांदा 46.6 डिग्री के साथ देश का सबसे गर्म स्थान रहा।