शराबी का सड़क पर हाई वोल्टेज ड्रामा, अर्धनग्न होकर यात्री बस के नीचे घुसा

By: PalPal India News
July 1, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। जबलपुर के पाटन-शहपुरा रोड पर सोमवार शाम एक युवक ने शराब के नशे में ऐसा हंगामा किया कि सड़क पर लंबा जाम लग गया। युवक अर्धनग्न हालत में कभी बीच सड़क पर लेट रहा, तो कभी बस के सामने आ गया। उसका यह हंगामा करीब आधे घंटे तक चला, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।

जानकारी के मुताबिक, युवक जबलपुर के कुंडम इलाके का रहने वाला है और मजदूरी करता है। वह पाटन के चौधरी मोहल्ला में अपने किसी रिश्तेदार के यहां आया था। शाम को नशे की हालत में वह पाटन-शहपुरा रोड पर पहुंचा और कपड़े उतारकर बीच सड़क पर हंगामा करने लगा। उसी समय जबलपुर से शहपुरा जा रही एक बस जैसे ही पाटन पहुंची, युवक दौड़कर उसके सामने आ गया और बस के नीचे घुस गया। ड्राइवर ने तुरंत बस रोक दी, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया। आसपास के लोगों ने कई बार युवक को हटाने की कोशिश की, लेकिन वह बार-बार सड़क पर आ जाता।

उसके व्यवहार को देखकर लोग गुस्से में भी थे स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद यातायात को फिर से चालू करवाया गया। पुलिस के अनुसार, युवक नशे की हालत में था और फिलहाल उसका इलाज कराया जा रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *