ह्यूस्टन: अमेरिका के ह्यूस्टन एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली साउथवेस्ट एयरलाइंस की एक फ्लाइट में सोमवार को उस समय हंगामा मच गया जब एक महिला यात्री ने अचानक अपना आपा खो दिया। टेकऑफ के कुछ देर बाद ही उसने अपने कपड़े उतार दिए और विमान में इधर-उधर घूमने लगी। विलियम पी. हॉबी एयरपोर्ट से फीनिक्स के लिए उड़ान भरने वाली इस फ्लाइट में महिला ने यात्रियों के सामने ही अपने सारे कपड़े उतार दिए और कॉकपिट की ओर बढ़ने लगी। फ्लाइट क्रू ने उसे रोकने की पूरी कोशिश की, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थी। लगभग 25 मिनट तक यह ड्रामा चलता रहा, जिससे अन्य यात्री घबरा गए।
एक यात्री मैसी एस्टेवेज के अनुसार, महिला पूरे विमान में दौड़ती रही और अचानक कॉकपिट के दरवाजे पर जाकर जोर-जोर से पीटने लगी। वह अंदर जाने की मांग कर रही थी और बार-बार “रुको, रुको, रुको” चिल्ला रही थी। हालात बेकाबू होते देख पायलट ने विमान को वापस ह्यूस्टन एयरपोर्ट पर उतारने का फैसला किया।
रिपोर्ट के अनुसार, महिला ने खुद को बायपोलर विकार से पीड़ित बताया और विमान से उतरने की मांग की। ह्यूस्टन पुलिस विभाग ने उसे हिरासत में लेकर मेडिकल जांच कराई, जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह मानसिक रूप से अस्थिर हो सकती है। साउथवेस्ट एयरलाइंस ने इस अप्रत्याशित घटना के लिए यात्रियों से माफी मांगते हुए कहा कि उनकी टीम यात्रियों को उनके गंतव्य तक जल्द से जल्द पहुंचाने के लिए काम कर रही है। एयरलाइन ने बयान में कहा, “फ्लाइट 733 में महिला यात्री की हरकतों के कारण विमान को वापस लौटाना पड़ा, जिसके लिए हम ग्राहकों से क्षमा चाहते हैं और उनके धैर्य की सराहना करते हैं।”