हिना खान का भारत को समर्थन करने पर मिल रही धमकियाँ, एक्ट्रेस ने दिया मुंहतोड़ जवाब…..

By: PalPal India News
May 10, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। हिना खान ने बीते दिन ऑपरेशन सिंदूर को लेकर अपना बयान दिया था, जिसके बाद अब उन्होंने बताया कि पाकिस्तान के लोगों से उन्हें धमकियां मिल रही हैं।

हाल ही में हिना खान ने भी भारत पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव और ऑपरेशन सिंदूर पर प्रतिक्रिया दी थी। हिना खान ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर किया था, जिसमें उन्होंने शांति बनाए रखने की अपील की और भारतीय सेना का शुक्रिया अदा किया। इस पोस्ट के बाद हिना को उनके पाकिस्तानी फैन अनफॉलो करने लगे और एक्ट्रेस को धमकी भरे मैसेज आने लगे। खुद हिना खान ने एक पोस्ट शेयर करते हुए ये दावा किया और साथ ही मुंहतोड़ जवाब भी दिया।

हिना खान का पोस्ट

हिना खान ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘मैंने अपनी पूरी जिंदगी सरहद पार के लोगों से भी सिर्फ प्यार ही किया है। ऑपरेशन सिंदूर से पहले और बाद में अपने देश का समर्थन करने को लेकर मुझे आप में से कई लोगों ने गाली दी, कोसा, कई लोगों ने अनफॉलो भी कर दिया। यही नहीं, कई तो मुझे अनफॉलो करने की धमकी भी दे रहे हैं। इस धमकी के साथ गाली-गलौज, अश्लील और अपमानजनक शब्द इस्तेमाल कर रहे हैं, जो केवल नफरत को दिखाता है। आपके ये शब्द मेरी बीमारी, परिवार और मेरे धर्म के लिए भी हैं।’

मैं आपसे अपने देश के समर्थन की उम्मीद नहीं करती- हिना

हिना ने आगे लिखा- ‘मैं आपसे अपने देश का समर्थन करने की उम्मीद नहीं करती। आप अपने देश का समर्थन करते हैं, यह ठीक है, मैं आपसे इस मौके की बारीकियों को समझने की उम्मीद नहीं करती। मैं सिर्फ यही उम्मीद करती हूं कि ऐसे समय में आप कम से कम इंसानियत दिखाएं, जितना मैं आप सभी के प्रति करती आई हूं, वैसा व्यवहार करें। लेकिन मुझे लगता है कि हमारे बीच यही अंतर है। अगर मैं भारतीय नहीं हूं, तो मैं कुछ भी नहीं हूं। मैं हमेशा सबसे पहले भारतीय ही रहूंगी। तो आप लोग मुझे अनफॉलो कर सकते हैं, मुझे इस बात की जरा भी परवाह नहीं है। मैंने आप में से किसी को अपशब्द नहीं कहा, केवल अपने देश का समर्थन किया है।’ आप कुछ भी क्यों ना हों, इससे मुझसे कोई लेना-देना नहीं है। मैं अपने देश का समर्थन करूंगी और देश के साथ खड़ी रहूंगी।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *