पलपल इंडिया प्रतिनिधि,लखनऊ। उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एक बेहद दर्दनाक हादसा देखने को मिला है। जहाँ 4 लोगों को एक कार ने कुचल दिया। इस घटना में 2 लोगों की मौत हो गई और 2 लोगों का अस्पताल में अभी इलाज जारी है।
जानकारी अनुसार यहां मंगवार की रात एक टाटा सूमो ने डिवाइडर पर सो रहे 4 लोगों को कुचल दिया जिसके बाद हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो का अस्पताल में इलाज जारी है। यह हादसा लखनऊ के हसनगंज थाना क्षेत्र के नदवा कॉलेज रोड पर हुआ, जहां देर रात CSIR कॉलोनी के सामने तेज रफ्तार टाटा सूमो का टायर फट गया और गाड़ी बेकाबू होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। चार लोगों को कुचलने के बाद टाटा सूमो खंभे से टकराकर रुक गई। लोग घायलों को बचाने के लिए दौड़े, राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
इस हादसे के फौरन बाद ही गाड़ी चालक फरार हो गया। जानकारी मुताबिक हादसे में शामिल गाड़ी लखनऊ जनपद की है, अब पुलिस गाड़ी के मालिक के पते के आधार पर चालक की तलाश में जुटी है। वहीँ डॉक्टरों ने इलाज के दौरान दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में एक 20 साल का युवक और एक 40 वर्षीय शख्स शामिल हैं। बाकी दो घायलों का ट्रामा सेंटर में इलाज जारी है।