नई दिल्ली. नाइजीरिया के जिके समुदाय में रविवार देर रात हुए भयावह हमले में कम से कम 40 लोगों की जान चली गई। इस हमले के बाद देश में शोक की लहर फैल गई है। राष्ट्रपति बोला टीनुबू ने इस नृशंस घटना की कड़ी निंदा की है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
सोमवार रात जारी एक आधिकारिक बयान में टीनुबू ने कहा, “मैंने सुरक्षा एजेंसियों को निर्देश दिया है कि इस हमले की गहन जांच की जाए और जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।”
मानवाधिकार संगठन एमनेस्टी इंटरनेशनल के मुताबिक, हमला अचानक हुआ और लोगों को संभलने या भागने का मौका तक नहीं मिला। इस दर्दनाक घटना में कई मासूम बच्चे और बुजुर्ग भी मारे गए हैं।
अफ्रीका के सबसे ज्यादा आबादी वाले देश नाइजीरिया के इस इलाके में इस तरह के हमले अब आम हो गए हैं। अक्सर इन वारदातों में ‘फुलानी’ नामक मुस्लिम चरवाहा जनजाति से जुड़े हथियारबंद लोग शामिल होते हैं, जो सुरक्षा व्यवस्था की कमजोरियों का फायदा उठाकर किसानों को निशाना बनाते हैं।