पलपल इंडिया प्रतिनिधि। कुशीनगर जिले एक कार का भीषण एक्सीडेंट हो गया है। एक्सीडेंट इतना भयानक था कि हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
दरअसल मामला नेबुआ नौरंगिया थानाक्षेत्र के भुजौली चौराहे का है। जहाँ एक तेज रफ़्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे लगे पेड़ से टकरा गई। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि कार की बॉडी पूरी तरह से पिचक गई। घटना में कार में 8 लोग सवार थे जिनमें 6 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि 2 लोग घायल हो गए।
रामकोला थाने के रामपुर चरगहां निवासी गोपाल मद्धेशिया के लड़के विकास मद्धेशिया का विवाह था। बारात नेबुआ नौरंगिया थाने के देवगांव अमवा टोला निवासी राजेंद्र मद्धेशिया का घर जा रही थी। गोपाल मद्धेशिया की पट्टीदारी में आने वाले ओम प्रकाश मद्धेशिया की कार से हरेंद्र और योगेश्वर दोनों भाई कार से बारात जाने के लिए तैयार थे। कार में इसी गांव के रहने वाले मुकेश, रंजीत के साथ ही रिश्तेदारी में आया भीम भी सवार हो गया। ब्रेजा कार में सभी 8 लोग सवार होकर बारात के लिए निकले थे। ओम प्रकाश मद्धेशिया ही कार भी चला रहा था। कार सवार अभी नेबुआ नौरंगिया थाने के भुजौली चौराहे पर पहुंचे थे कि रफ़्तार अधिक होने कार अनियंत्रित हो गई और सड़क के किनारे लगे पेड़ से जोरदार तरीके से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार की पूरी बॉडी पिचक गई। तेज आवाज सुनकर ग्रामीण पहुंच गए।