पलपल इंडिया प्रतिनिधि। बरगी बांध के समीप ग्राम देवरी बकई में चल रहे झील महोत्सव में रोमांच की लहरें उठ रही हैं। पैरामोटरिंग, हॉट एयर बलून के माध्यम से जहां आकाश नापने वाले पहुंच रहे हैं वहीं पानी पर दिलचस्प गतिविधियां देखने मिल रही हैं। पानी में गिरना फिर उठना और फिर गिर जाना ऐसे दृश्य आम बात है। सर्फिंग और फ्लाई बोर्ड जैसी राइड्स में संतुलन बनाने के लिए पानी में गोते लगाने पड़ रहे हैं। नर्मदा की सुरम्य वादियों में चल रहे झील महोत्सव में साहसिक गतिविधियों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हो रहे हैं। शुक्रवार को हाट एयर बैलून पर्यटकों के आकर्षक का केंद्र रहा। उड़ान भरते पैरमोटर ने आसमान में लाल पीले रंग बिखेर दिए। उधर वाटर स्पोर्ट्स के अंतर्गत बनाना राइड, वाटर स्कूटर, और फ्लाई बोट जैसी राइडों का आंनद पर्यटक उठा रहे हैं। मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड और जबलपुर पुरातत्व पर्यटन और संस्कृति परिषद (जेएटीसीसी) के 15 दिवसीय आयोजन में बच्चे जहां बर्मा ब्रिज और राक क्लबिंग का मजा ले रहे हैं, वहीं युवा बंजी जंपिंग और एटीवी बाइक का। सभी राइड्स सतपुड़ा स्पोर्ट्स क्लब, पचमढ़ी के प्रशिक्षित युवा करा रहे हैं।
पर्यटन सखियां के केनवास बैग की मांग :- महोत्सव में लगे डोम में लगा पर्यटन सखियों का स्टाल लोगों को लुभा रहा है। एमपीटीबी की ऑरेंज अंब्रेला योजना के अंतर्गत यहां पर्यटन सखियों के हाथ से बने केनवास के थैलों पर बनी जबलपुर के बैलेंसिंग रॉक, घंटाघर आदि आकृति आंखों में चमक ला देते हैं । ये हस्तशिल्प बनाने वाली यह कलाकार महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन योजना के अंतर्गत आत्मनिर्भर बनी हैं। मंडला मार्ग पर स्थित समाधि रोड से आगे बरगी बांध के पहाड़ियों व द्वीपों से घिरे नर्मदा तट पर पर्यटकों के रुकने के लिए टेंट सिटी बनाई गई है। यहां लगे स्विस टेंट अलग अनुभव करा रहे हैं। बाइक रैली रविवार को :- झील महोत्सव के प्रचार- प्रसार, पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ रविवार 13 अप्रैल को शाम 4 बजे बाईक रैली निकाली जायेगी। बाइक रैली भंवरताल गार्डन से झील महोत्सव स्थल देवरी बकई तक का सफर पूर्ण करेगी। रैली का आयोजन मोटुल की ओर से कराया जा रहा है। रैली के लिए अभी तक 50 लोगों द्वारा पंजीयन कराया जा चुका है। हनुमान जन्मोत्सव पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों में होगी भजनों की प्रस्तुति भगवान हनुमान के प्राकट्योत्सव पर झील महोत्सव में शनिवार की शाम आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रख्यात भजन गायक श्री ईशान मिनोचा द्वारा विशेष भजन प्रस्तुत किए जाएंगे।