‘जो महिला मर चुकी थी, वह जिंदा कैसे?’ श्राद्ध के 11 दिन बाद घर लौटी ‘मृत’ महिला

By: PalPal India News
June 23, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। बिहार के छपरा जिले के रिविलगंज प्रखंड के भादपा गांव में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। जिस महिला का अंतिम संस्कार हो चुका था, श्राद्ध कर्म भी पूरे विधि-विधान से किया गया था, वह महिला अचानक अपने घर लौट आई। इस घटना ने न सिर्फ गांव वालों को, बल्कि स्थानीय प्रशासन को भी हैरानी में डाल दिया है।

जानें पूरा मामला

दरअसल मामला रिविलगंज के मोहब्बत परसा पंचायत स्थित भादपा नया बस्ती का है, जहां रहने वाले राम स्वरूप राय की पत्नी रमा देवी (45 वर्ष) 17 मई को अचानक घर से लापता हो गई थीं। परिवार वालों ने हर जगह उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच 26 मई को सरयू नदी के थाना घाट के पूर्वी किनारे एक महिला का शव बरामद हुआ। शव बुरी तरह सड़-गल चुका था, लेकिन शरीर की बनावट रामा देवी से मेल खाती लगी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और संदेह जताया कि यह शव रामा देवी का ही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और फिर उसे परिजनों को सौंप दिया गया। पूरे गांव और परिवार के लोगों की उपस्थिति में शव का अंतिम संस्कार किया गया। इसके बाद 11 जून को रमा देवी का श्राद्धकर्म भी सम्पन्न हो गया।

‘जो महिला मर चुकी थी, वह जिंदा कैसे?’

परिवार इस दुखद घटना को नियति मानकर स्वीकार कर चुका था। लेकिन जब 22 जून की सुबह रमा देवी खुद अपने घर लौट आईं। उन्हें दरवाजे पर देख पूरा परिवार हक्का-बक्का रह गया। आसपास के लोग भी यह खबर सुनकर घर पर जमा हो गए। सबके दिमाग में एक ही सवाल था- “जो महिला मर चुकी थी, वह जिंदा कैसे?”

इतने दिन कहां थी महिला?

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार रामा देवी मानसिक रूप से अर्द्ध विक्षिप्त हैं और बिना किसी को बताए अपने मायके कोलकाता चली गई थीं। वहां कुछ दिन रुकने के बाद वे अपने आप ही वापस लौट आईं। इतने समय में परिजनों को उनकी कोई सूचना नहीं मिली और जब नदी किनारे मिला शव उनके जैसे आकार-प्रकार का निकला, तो परिजनों ने जल्दबाजी में पहचान कर ली और दाह-संस्कार कर डाला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *