हैदराबाद के फाइव स्टार होटल ‘पार्क हयात’ में भीषण आग, मौके पर मौजूद थी SRH टीम

By: PalPal India News
April 14, 2025

नई दिल्ली. हैदराबाद के बंजारा हिल्स स्थित फाइव स्टार होटल पार्क हयात में सोमवार दोपहर अचानक आग लग गई, जिससे अफरातफरी मच गई। घटना के समय होटल में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की फ्रेंचाइज़ी सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाड़ी भी ठहरे हुए थे।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, होटल की पहली मंजिल पर आग लगी थी, जिससे तेजी से घना धुआं फैल गया। स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया। दमकल की कई गाड़ियां कुछ ही देर में मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि, किसी प्रकार की जनहानि की खबर नहीं है, लेकिन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए SRH टीम को तत्काल दूसरी सुरक्षित जगह शिफ्ट कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और तस्वीरों में देखा जा सकता है कि पहली मंजिल से गहरा काला धुआं निकल रहा था। होटल प्रशासन और दमकल विभाग के अनुसार, जैसे ही धुआं उठता दिखा, इमरजेंसी अलार्म बजाया गया और इमारत को खाली कराया गया।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच जारी है। इस घटना ने होटल की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद ही असली वजह का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *