पलपल इंडिया प्रतिनिधि,बुरहानपुर। बुरहानपुर के एक गांव से अनोखा मामला सामने आया जहाँ सोने-चांदी के सिक्के मिलने की बात जैसे ही सामने आई लोग उस खेत की ओर उमड़ पड़े और खुदाई करने लगे । यहां रात भर लोग खुदाई कर रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का दावा है कि लोगों को सिक्के मिल रहे हैं और प्रशासन इसमें लापरवाही बरत रहा है।
बुरहानपुर के असीरगढ गांव के एक खेत में एक बार फिर जमीन से मुगलकालीन सोने-चांदी के सिक्के निकलने की अफवाह फैल गई। अफवाह के चलते रात के समय आधा दर्जन से अधिक गांव के लोग इस खेत में खुदाई के लिए कैंप कर रहे हैं। इतिहास के जानकारों के मुताबिक बुरहानपुर इलाके में सिक्के निकलना कोई नई बात नहीं है। अगर सही में खेत से मुगलकालीन सिक्के निकल रहे हैं तो प्रशासन को निगरानी कर ऐसे सिक्कों को अपने कब्जे में लेना चाहिए। विपक्षी दल कांग्रेस ने भी पुलिस और प्रशासन से मांग की है कि इससे पहले कोई अनहोनी ना हो। इसे रोकने के लिए ठोस कदम उठाना चाहिए। अब पुलिस प्रशासन मामले की जांच कर लोगों से रात के समय खेत में इस तरह जमा होने पर प्रतिबंध लगाने की बात कह रहा है।
बुरहानपुर जिला मुख्यालय से 18 किलोमीटर दूर असीरगढ गांव में इन दिनों नेशनल हाईवे निर्माण के लिए खुदाई का काम चल रहा है। कुछ दिन पहले एक दरगाह के पास निर्माण कंपनी की जेसीबी ने मिट्टी खोद कर किसी हारून शेख के खेत में मिट्टी डंप कर दी थी। इसके बाद यहां काम करने वाले मजदूरों को ऐतिहासिक धातु के कुछ सिक्के मिले। फिर क्या था पूरा गांव और आसपास यह अफवाह फैल गई कि खेत से सिक्के निकल रहे हैं। अब इस खेत पर आसापस के आधा दर्जन से अधिक गांव के लोग रोजाना रात के समय आ रहे हैं और सिक्के मिलने की आस में खुदाई कर रहे हैं। ये लोग अपने साथ मेटल डिटेक्टर यंत्र भी ला रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का दावा है कि लोगों को खुदाई में सिक्के भी मिल रहे हैं लेकिन स्थानीय प्रशासन इसमें पूरी तरह से लापरवाही बरत रहा है।
अगर वाकई में किसी को मुगलकालीन सिक्के मिले हों तो इसकी जांच कर सिक्के अपने कब्जे में लेना चाहिए। विपक्षी दल कांग्रेस का भी कहना है सिक्के मिलने की अफवाह पर रात के समय इतनी बडी संख्या में लोगों का जमा होना चिंताजनक है। इससे पहले कि कोई अनहोनी हो, इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाई जानी चाहिए। मामले की जानकारी जब जिले के पुलिस कप्तान देवेंद्र पाटीदार को दी गई तो उन्होंने कहा कि अगर किसी खेत में लोग एक साथ इस तरह की गतिविधि कर रहे हैं तो इस पर प्रतिबंध लगाया जाएगा।