नई दिल्ली. हैदराबाद मेट्रो से यात्रा करने वाले यात्रियों को अब अपनी जेब और ढीली करनी पड़ेगी। हैदराबाद मेट्रो रेल लिमिटेड (HMRL) ने 17 मई 2025 से किराये में 25 प्रतिशत की वृद्धि कर दी है। यह मेट्रो सेवा की शुरुआत (2017) के बाद पहली बार है जब किराए में बदलाव किया गया है।
अब तक न्यूनतम किराया ₹10 था, जिसे बढ़ाकर ₹12 कर दिया गया है। वहीं, अधिकतम किराया ₹60 से बढ़ाकर ₹75 किया गया है। मेट्रो प्रशासन के अनुसार, नई दरें दूरी (किलोमीटर) के अनुसार लागू होंगी। मेट्रो अधिकारियों ने बताया कि लगातार बढ़ते रखरखाव और संचालन खर्च के चलते यह फैसला जरूरी हो गया था। HMRL ने कहा कि लागत और राजस्व के बीच लंबे समय से असंतुलन बना हुआ था, जिसे ठीक करने के लिए यह बढ़ोतरी की गई।
नवीनतम किराया ढांचा निम्नानुसार है:
0-2 किमी: ₹12
2-4 किमी: ₹18
4-6 किमी: ₹30
6-9 किमी: ₹40
9-12 किमी: ₹50
12-15 किमी: ₹55
15-18 किमी: ₹60
18-21 किमी: ₹66
21-24 किमी: ₹70
24 किमी से अधिक: ₹75
किराए में अचानक हुई इस बढ़ोतरी से यात्रियों में नाराजगी देखने को मिल रही है। कई लोगों का कहना है कि इससे उनके दैनिक बजट पर असर पड़ेगा। सोशल मीडिया पर भी यह मुद्दा चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रशासन का तर्क है कि यह बढ़ोतरी दीर्घकालिक संचालन की स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए जरूरी थी, लेकिन यात्रियों के लिए यह फैसला फिलहाल झटका बनकर सामने आया है।