नई दिल्ली। आइसलैंड की शिक्षा और बाल कल्याण मंत्री आस्थिल्दुर लोआ थोरसडॉटिर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे के बाद उन्होंने एक हैरान करने वाला खुलासा किया कि 22 साल की उम्र में उनकी एक 16 साल के लड़के से गुप्त संतान थी। यह बात सामने आने के बाद उन्होंने मंत्री पद छोड़ने का निर्णय लिया। बीबीसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, थोरसडॉटिर ने एक साक्षात्कार में बताया कि जब वह 22 साल की थीं, तब उनका रिश्ता 15 साल के एक लड़के से शुरू हुआ था और जब वह 16 साल का हुआ, तब उनके एक बच्चे का जन्म हुआ।
स्थानीय मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, “36 साल पहले, जब मैं 22 साल की थी, मेरा एक 16 साल के लड़के के साथ रिश्ता था।” रिपोर्ट्स के मुताबिक, उस लड़के का नाम एरिकुर आसमुंडसन है। उसने दावा किया कि थोरसडॉटिर ने उसे अपने बेटे से मिलने से रोका, हालांकि मंत्री ने इस आरोप को सिरे से खारिज कर दिया। बताया जाता है कि उनका रिश्ता ज्यादा लंबा नहीं चला, लेकिन बच्चे के जन्म के समय आसमुंडसन अस्पताल में मौजूद थे।
अपने पक्ष में थोरसडॉटिर ने कहा कि वह अब 30 साल पहले वाली शख्सियत नहीं हैं और अब उनकी सोच बदल गई है। उन्होंने कहा, “36 साल में बहुत कुछ बदल गया है। अगर आज मैं 22 साल की होती, तो इस स्थिति को अलग ढंग से संभालती। उस वक्त मेरे पास आज जैसी समझ और परिपक्वता नहीं थी।”
आइसलैंड की प्रधानमंत्री क्रिस्त्रुन फ्रॉस्टाडॉटिर ने इस मामले को गंभीर करार दिया, लेकिन ज्यादा टिप्पणी करने से बचते हुए कहा, “यह एक निजी मामला है और इसमें शामिल व्यक्ति के सम्मान को ध्यान में रखते हुए मैं इस पर अधिक कुछ नहीं कहूंगी।”