“कहो तो एक बोतल और कमरा दे दें”, बाइक पर युवक युवती खुल्लमखुल्ला रोमांस विडियो वायरल

By: PalPal India News
June 28, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। नेशनल हाईवे पर फिरोजाबाद के थाना लाइनपार क्षेत्र के मीरा चौराहे पर खतरनाक घटना देखने को मिली, जिसका वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में बाइक पर सवार एक युवक अपनी गर्लफ्रेंड को बाइक की टंकी पर लिटाकर सड़क पर फर्राटे भर रहा है। युवती भी लेटे-लेटे सफर का पूरा मजा ले रही है। वीडियो में कपल को ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाते देखा जा सकता है।

लड़की के साथ स्टंटबाजी कर रहा था युवक

वायरल हो रहे इस वीडियो में दिख रहा है कि एक युवक बिना हेलमेट के बाइक चला रहा है, जबकि युवती बाइक की टंकी पर लेटी हुई है। दोनों आपस में हंसते-बातचीत करते हुए नजर आ रहे हैं। यह नजारा नेशनल हाईवे पर देखा गया, जहां भारी वाहनों का आवागमन आम है। इसी दौरान इस युवक के बगल से गुजर रहे एक अन्य बाइक सवार ने उनका वीडियो अपने कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो में राहगीरों को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि, “गलत है ये, सड़क पर इस तरह… कहो तो एक बोतल और कमरा दे दें।” इस पर युवक उन बाइक सवारों को वहां से निकलने का इशारा करता है। वहीं, लड़की भी बाइक पर लेटे-लेटे उन्हें वहां से जाने को बोलती है, जिसके बाद लड़के वहां से चुपचाप निकल जाते हैं।

लोगों ने युवक की हरकत को बताया खतरनाक और गैर-जिम्मेदाराना

वायरल वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स ने तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दी हैं। कुछ लोग इसे युवाओं की लापरवाही और जागरूकता की कमी का परिणाम बता रहे हैं, तो कुछ ने पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। एक यूजर ने लिखा, “यह सिर्फ स्टंटबाजी नहीं, बल्कि जानलेवा लापरवाही है। प्रशासन को इसे गंभीरता से लेना चाहिए।” इस तरह दोपहिया वाहन चलाना न केवल अपनी जिंदगी के साथ खिलवाड़ है, बल्कि दूसरों की सुरक्षा को भी खतरे में डालता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *