पलपल इंडिया प्रतिनिधि। संभल में आज पीस कमेटी की बैठक हुई। जहाँ संभल के सीओ अनुज चौधरी एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। ‘साल में 52 जुम्मे, एक दिन होली’ वाले बयान के बाद अब उन्होंने नया बयान दिया है। एएसपी श्रीश चन्द्र ने बताया कि उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि कमेटी के सदस्य यह सुनिश्चित करायेंगे कि कहीं भी नमाजी बाहर नहीं रहेंगे।
आपको बता दे पीस कमेटी की मीटिंग में अनुज चौधरी ने कहा कि यदि आप ईद की सेवइयां खिलाना चाहते हो तो आपको होली की गुझिया भी खानी पड़ेगी। वो गुझियां खाएं, हम सेवइयां खाएं। लेकिन दिक्कत ये हो जाती है कि एक पक्ष खाने को तैयार है, दूसरा नहीं। फिर यहां भाई चारा खत्म हो जाता है। भाईचारा खराब नहीं होना चाहिए।
संभल में बुधवार को ईद और रामनवमी को लेकर सदर कोतवाली में पीस कमेटी की बैठक हुई। मीटिंग में हिंदू और मुस्लिम समुदाय से जुड़े सभी लोग शामिल हुए। रामनवमी और ईद पर शांति व्यवस्था बनी रही, इसको लेकर मीटिंग हुई। इसमें अनुज चौधरी ने कहा कि अगर मेरा पिछला बयान गलत था तो लोग हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट क्यों नहीं गए। मुझे सजा करवाते।
रोड पर नहीं पढ़ने दी जाएगी नमाज
वहीं, एएसपी श्रीश चन्द्र ने बताया कि स्पष्ट रूप से अवगत कराया गया कि कहीं भी नमाज रोड पर अदा नहीं की जायेगी। परंपरागत तरीके से जिन मस्जिदों और ईदगाह में होती है, वहीं नमाज अदा की जाएगी। परिसर के बाहर विभिन्न जगह नमाज अदा नहीं की जाएगी। छतों पर भी अनावश्यक रूप से लोग ना इकट्ठे होंगे और ना ही नमाज पढ़ेंगे। परंपरागत तरीके से जिन जगहों पर नमाज अदा की जाती हो वहीं पर होगी।साथ ही लाउडस्पीकर अनावश्यक रूप से नहीं बजाएं जाएंगे यह भी सुनिश्चित किया गया है।