पलपल इंडिया प्रतिनिधि। आम तौर पर रविवार को स्कूल बंद रहते हैं, लेकिन मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में एक अनोखा फैसला लिया गया है। यहां अब बच्चों को रविवार को स्कूल आना होगा और सोमवार को छुट्टी दी जाएगी। उज्जैन कलेक्टर रोशन सिंह ने बताया कि श्रावण-भादो मास में बाबा महाकाल की सवारी हर सोमवार निकलती है। इस कारण हर साल स्कूलों का टाइमटेबल बदला जाता है। इस वर्ष भी वही प्रक्रिया अपनाई जाएगी — हर सोमवार को स्कूलों की छुट्टी रहेगी और रविवार को नियमित कक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
यह फैसला श्रावण और भादो मास में बाबा महाकाल की सवारी को देखते हुए लिया गया है। इन महीनों में बाबा महाकाल नगर भ्रमण पर निकलते हैं, और इस दौरान लाखों श्रद्धालु उज्जैन पहुंचते हैं। इस विशाल भीड़ और यातायात की सुचारू व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने यह व्यवस्था लागू की है।
इस व्यवस्था का एक प्रमुख उद्देश्य यह है कि सवारी मार्ग पर यातायात जाम की समस्या न हो। अगर सोमवार को स्कूल चलते रहे, तो बसों के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी हो सकती है। जिला प्रशासन की योजना है कि सवारी मार्ग पर स्मूद मूवमेंट बना रहे और श्रद्धालुओं को कोई असुविधा ना हो।
डीएम रोशन सिंह के अनुसार, इस निर्णय को लेकर जल्द ही शिक्षा विभाग द्वारा आदेश जारी किया जाएगा। यह आदेश सभी सरकारी और अर्ध-सरकारी स्कूलों पर लागू होगा। निजी स्कूल भी प्रशासन के अनुरोध पर इस व्यवस्था को अपना सकते हैं।
बाबा महाकाल की श्रावण मास में चार और भादो मास में एक सवारी निकलती है। इन पांच सोमवारों को उज्जैन के सभी स्कूल बंद रहेंगे।
इन सभी सोमवार को अवकाश रहेगा, जबकि उससे पहले के रविवार को स्कूल खुले रहेंगे।