ब्रेस्ट कैंसर का बढ़ता खतरा: हर 20 में से 1 महिला होगी शिकार, WHO की चेतावनी

By: PalPal India News
February 25, 2025

दुनिया भर में कैंसर के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने चेतावनी दी है कि ब्रेस्ट कैंसर के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। WHO, इंटरनेशनल एजेंसी फॉर रिसर्च ऑन कैंसर और अन्य कैंसर एजेंसियों की रिपोर्ट के अनुसार, हर 20 में से 1 महिला अपने जीवनकाल में किसी न किसी मोड़ पर ब्रेस्ट कैंसर से प्रभावित होगी। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि 2050 तक ब्रेस्ट कैंसर से होने वाली मौतों में भारी वृद्धि हो सकती है। हालांकि, महिलाओं के लिए हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाने से इस बीमारी का खतरा कम किया जा सकता है।

रिपोर्ट के मुताबिक, 2022 में दुनियाभर में 23 लाख महिलाओं ने ब्रेस्ट कैंसर का इलाज कराया, जिनमें से 6.70 लाख महिलाओं की इस बीमारी के कारण मौत हो गई। खासतौर पर गरीब और विकासशील देशों में ब्रेस्ट कैंसर से मौत की दर अधिक है, क्योंकि वहां उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। जबकि, अमीर देशों में बेहतर इलाज मौजूद होने के बावजूद यह एक बड़ी चुनौती बनी हुई है।

विशेषज्ञों की चेतावनी के अनुसार, फिलहाल ब्रेस्ट कैंसर के मामलों में 38% की वृद्धि हुई है, लेकिन अगले 25 वर्षों में यह आंकड़ा बढ़कर 68% तक पहुंच सकता है। अनुमान है कि 2050 तक हर साल 32 लाख नए मामले सामने आएंगे, जबकि 11 लाख महिलाओं की मौत ब्रेस्ट कैंसर के कारण होगी।

कैसे कम करें ब्रेस्ट कैंसर का खतरा?

ब्रेस्ट कैंसर के बढ़ते मामलों के पीछे कई कारण हैं, जिनमें जनसंख्या वृद्धि, शहरीकरण, मां बनने की उम्र में देरी, अस्वस्थ खानपान, धूम्रपान और शराब का सेवन शामिल हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, इस बीमारी के जोखिम को कम करने के लिए निम्नलिखित उपाय किए जा सकते हैं:

स्वस्थ और संतुलित आहार अपनाएं – हरी सब्जियां, ताजे फल, बीज, ड्राई फ्रूट्स और पोषक तत्वों से भरपूर भोजन करें।
धूम्रपान और शराब से बचें – ये आदतें ब्रेस्ट कैंसर के खतरे को बढ़ा सकती हैं।
वजन नियंत्रण में रखें – मोटापा इस बीमारी का एक बड़ा कारण है, इसलिए हेल्दी डाइट और एक्टिव लाइफस्टाइल अपनाएं।
नियमित व्यायाम करें – रोजाना शारीरिक गतिविधि करने से ब्रेस्ट कैंसर का खतरा काफी हद तक कम किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *