भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने चार देशों के टूर्नामेंट में उरुग्वे को 3-2 से दी मात

By: PalPal India News
May 26, 2025

नई दिल्ली। अर्जेंटीना के रोसारियो में चल रहे फ्रेंडली फोर नेशंस टूर्नामेंट में भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने अपने दूसरे मुकाबले में उरुग्वे को रोमांचक मुकाबले में 3-2 से हरा दिया। भारतीय टीम की ओर से सोनम ने 21वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर स्कोर बराबर किया, जबकि कनिका सिवाच ने 46वें और 50वें मिनट में दो शानदार गोल दागे और टीम को जीत दिलाई। उरुग्वे के लिए मिलाग्रोस सीगल ने तीसरे मिनट में और अगस्टिना मारी ने 24वें मिनट में गोल किए।

मैच की शुरुआत में ही उरुग्वे ने मिलाग्रोस सीगल के पेनल्टी कॉर्नर गोल की मदद से बढ़त बना ली थी। भारत ने 21वें मिनट में वापसी की, लेकिन जल्द ही अगस्टिना मारी ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर उरुग्वे को फिर से बढ़त दिला दी।

तीसरे क्वार्टर के अंत तक मुकाबला बराबरी का बना रहा। फिर अंतिम क्वार्टर में कनिका सिवाच ने कमाल दिखाते हुए पहले 46वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागा और फिर 50वें मिनट में फील्ड गोल कर भारत को निर्णायक बढ़त दिलाई।

इससे पहले भारत ने अपने पहले मैच में चिली को 2-1 से हराकर टूर्नामेंट की अच्छी शुरुआत की थी। उस मैच में सुखवीर कौर ने 39वें और कनिका सिवाच ने 58वें मिनट में गोल किए थे। चिली के लिए जावेरीया साएंज ने 20वें मिनट में एकमात्र गोल किया था। भारत का अगला मुकाबला अब बुधवार को मेज़बान अर्जेंटीना से होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *