दिल्ली से श्रीनगर जा रही इंडिगो फ्लाइट ओलावृष्टि की चपेट में, विमान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त

By: PalPal India News
May 22, 2025

नई दिल्ली. दिल्ली से श्रीनगर जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 2142 उस वक्त एक गंभीर मौसम आपदा का शिकार हो गई, जब वह उड़ान के दौरान अचानक आए ओलावृष्टि तूफान (हेलस्टॉर्म) में फंस गई। इस भयावह अनुभव ने विमान में सवार 200 से अधिक यात्रियों की सांसें थमा दीं।

विमान में मौजूद यात्री ओवैस मकबूल ने इस खौफनाक पल को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, “मैं फ्लाइट में था और अब श्रीनगर से घर जा रहा हूं। यह मौत को करीब से देखने जैसा अनुभव था। विमान का अगला हिस्सा (नोज) टूट गया है… लोग डर के मारे चीखने लगे थे।” उनके इस बयान से अंदाजा लगाया जा सकता है कि हादसे के समय फ्लाइट में कैसा माहौल था।

सौभाग्यवश, फ्लाइट ने शाम करीब 6:30 बजे श्रीनगर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। इंडिगो एयरलाइंस ने इस घटना पर आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा, “विमान और केबिन क्रू ने सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया। सभी यात्री सुरक्षित हैं। एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद यात्रियों की सहूलियत और स्वास्थ्य का पूरा ध्यान रखा गया।”

एयरलाइन ने फ्लाइट के लैंड करने के बाद विमान को ‘Aircraft on Ground’ घोषित कर दिया है, जिसका अर्थ है कि अब विमान को तकनीकी निरीक्षण और मरम्मत के बाद ही दोबारा सेवा में लाया जाएगा। शुरुआती जांच के अनुसार, विमान का अगला हिस्सा — नोज सेक्शन — ओलावृष्टि की वजह से क्षतिग्रस्त हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *