इंदौर: 6 साल की बच्ची को टीचर ने बेरहमी से पीटा, आंख का पर्दा खिसका

By: PalPal India News
February 17, 2025

इंदौर। तेजाजी नगर स्थित क्रिश एकेडमी में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक टीचर ने 6 साल की मासूम बच्ची को बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी आंख पर गंभीर चोटें आ गईं। इस पिटाई के कारण बच्ची की आंख का पर्दा खिसक गया, जिसके चलते उसे ऑपरेशन कराना पड़ा।

यह घटना 7 नवंबर की बताई जा रही है, जब केजी-2 में पढ़ने वाली बच्ची को टीचर करिश्मा बामनिया ने थप्पड़ मार दिया। इस मार से बच्ची की आंख में चोट लग गई, जिसके बाद उसे देखने में परेशानी होने लगी। परिजनों को इस बारे में तुरंत कोई सूचना नहीं दी गई और स्कूल में ही उसकी आंख में आई ड्रॉप डाल दिया गया। बाद में, जब बच्ची की परेशानी बढ़ी, तो 3 जनवरी को उसे अरविंदो हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां जांच में पता चला कि उसकी आंख का पर्दा अंदर की ओर खिसक गया है। इसके बाद 11 जनवरी को उसका ऑपरेशन किया गया।

घटना के बाद बच्ची के पिता गोपाल राणे ने टीचर के खिलाफ तेजाजी नगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। साथ ही, बाल कल्याण समिति में भी मामला पहुंचाया गया। पुलिस ने आरोपी टीचर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *