पलपल इंडिया प्रतिनिधि। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि उद्योगों का निर्माण किसी मंदिर के बनने की तरह है। उद्योग ऐसे मंदिर हैं जो भगवान की तरह दर्शन जीविका का प्रसाद और आशीर्वाद देते हैं। श्रम शक्ति से लाखों व्यक्तियों को रोजी-रोटी मिलती है। आज के तकनीकी दौर में छोटे देश भी प्रगति कर रहे हैं। युद्धों से विकास में पिछड़ने वाले देश भी उद्यमशीलता से विकसित हो जाते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हम आज बदलते दौर का भारत देख रहे हैं, जहां कई क्षेत्रों में तीव्र प्रगति हो रही है। इंदौर ने उद्योगों के विकास का कीर्तिमान बनाया है, इंदौर आईटी क्षेत्र की राजधानी है। इंदौर में श्री अतुल पंचशील जैसे उद्योगपति विशिष्ट कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया प्रदेश में पाँच बड़े नगरों में इण्डस्ट्री पार्क प्रारंभ किये जा रहे हैं।
कोरिया जैसे देश जिनसे भारत का पुराना सांस्कृतिक नाता है, वे भी मध्यप्रदेश में निवेश के लिये इच्छुक हैं। आज की कॉन्क्लेव में कोरिया और जापान से भी प्रतिनिधि आये हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कॉन्क्लेव से लगभग 20 हजार करोड़ रूपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिससे लगभग 75 हजार रोजगार सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि मुझे बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि आज के टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के भूमि-पूजन एवं शिलान्यास भी हुए हैं। इसमें से जीआईएस-भोपाल में आईटी सेक्टर में प्राप्त 99 प्रस्तावों में से 25 प्रतिशत का आज भूमि-पूजन हुआ है, जो इस बात का द्योतक है कि हम बस वादे नहीं करते, उन्हें धरातल पर उतारकर भी दिखाते हैं।प्रधानमंत्री श्री मोदी ने देश में अद्भूत कार्य किया है। उनके विकसित भारत@2047 के संकल्प के अनुसार मध्यप्रदेश में निरंतर कार्य हो रहा है। जीआईएस-भोपाल से उद्योग स्थापना के सभी रिकार्ड टूटे हैं। उद्योगपति स्वयं यह कह रहे हैं कि मध्यप्रदेश में एक माह में उद्योग लगाने का कार्य संभव हुआ है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश तेज गति से कृषि विकास दर प्राप्त कर रहा है। आगामी 3 मई को कृषि मेला आयोजित किया जा रहा है। प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय 11 हजार से बढ़कर एक लाख 52 हजार रुपये तक पहुंच गयी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इंदौर में आज हुई कॉन्क्लेव में एमओयू करने वाले सभी औद्योगिक संस्थान बधाई के पात्र हैं। कॉन्क्लेव के दौरान चार नई औद्योगिक नीतियों की गाइड लाईन जारी की गयी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश अब मात्र वादों का नहीं, जनता से किये गये वादों को पूरा कर विकास के पथ पर अग्रसर होने वाला राज्य है। “टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव-2025” मध्यप्रदेश की तकनीकी-परक औद्योगिक यात्रा का स्वर्णिम पड़ाव है। आज का दिन मध्यप्रदेश के टेक्नो-इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा। इन्दौर में टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव का सफल आयोजन हुआ है। यह सिर्फ एक कॉन्क्लेव नहीं है, बल्कि प्रदेश की तकनीकी-परक अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए ऐतिहासिक कदम है।
“एमपी टेक ग्रोथ कॉनक्लेव-2025” में निवेशकों ने की मध्यप्रदेश की सराहना
इंपेटस टेक्नोलॉजी के श्री प्रवीण काकड़िया ने कहा कि इंपेटस एक डीपटेक ग्रुप ऑफ कंपनी है। इंदौर में इंपेटस एक ब्रांड है। राज्य सरकार हमें बिजनेस बढ़ाने के लिए सभी जरूरी सुविधाएं प्रदान कर रही है। यहां के सभी मंत्री और अधिकारी सपोर्टिव हैं, 5 दिन में हमारे सभी दस्तावेज तैयार हो गए थे। इस तेज गति से कार्य करने की क्षमता का मैं कायल हूं।
मध्यप्रदेश से उठी यह वेव देश की इकोनॉमी को बढ़ाएगी
कर्नाटक डिजिटल इकोनॉमी मिशन के सीईओ श्री संजय गुप्ता ने कहा कि कर्नाटक देश का अग्रणी राज्य है। आज इंडस्ट्री आधारित ग्रोथ की एक नई वेव नजर आ रही है। मैं मध्यप्रदेश को अपने इंडस्ट्री क्लाइंट के रूप में देखता हूं। मेरा विचार है कि एक प्रोफेशनल बॉडी बने, जो इंडस्ट्री और सरकार के बीच काम करे। डिजिटल इकोनॉमी में स्टार्ट-अप्स की मुख्य भूमिका है। भविष्य में बड़ी संख्या में युवा इस सेक्टर में आएंगे। मध्यप्रदेश से उठी यह वेव देश की इकोनॉमी को बढ़ाएगी।
विकसित भारत में मध्यप्रदेश की बड़ी भूमिका होगी
ग्लोबल कैपिबिलिटी सेंटर (जीसीसी) एक्सपर्ट श्री विश्वनाथन केएस ने कहा कि देश में आज 1700 जीसीसी हैं और अगले 5 साल में नए 3000 जीसीसी आएंगे। मध्यप्रदेश पहला राज्य है, जिसने जीसीसी पॉलिसी को अपनाते हुए लैंड रिकॉर्ड, इलेक्ट्रिसिटी बिल जैसी सुविधाओं में कार्य किया है। विकसित भारत में मध्यप्रदेश की बड़ी भूमिका होगी। प्रदेश के भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर में आगे बढ़ने की कैपिबिलिटी है। मध्यप्रदेश में टूरिज्म और कनेक्टिविटी बेहतर है। बैंगलुरू में 7 से 8 प्रतिशत आईटी प्रोफेशनल्स मध्यप्रदेश से हैं, जो अपने प्रदेश लौटना चाहते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को इतनी शानदार टीम बनाने के लिए बधाई।
राज्य सरकार ने बनाया उद्योगपतियों के लिए पॉजिटिव वातावरण
इंफोबीन टेक्नोलॉजी के सीईओ श्री सिद्धार्थन सेठी ने कहा कि सपनों को पूरा करने के लिए सकारात्मक माहौल चाहिए। राज्य सरकार ने उद्योगपतियों के लिए एक पॉजिटिव वातावरण बनाया है। हमारे यहां 1500 इंजीनियर कार्यरत हैं। इंफोबीन की जड़ें, इंदौर में हैं और यहीं रहेंगी। कंपनी की उपलब्धियों में मध्यप्रदेश सरकार का बड़ा योगदान रहा है। आज क्रिस्टल आईटी पार्क इंदौर ही पूरे प्रदेश का गौरव है। हमारे नए निवेश से 6000 लोगों को सीधा रोजगार मिलेगा। करीब 20 हजार लोगों को डायरेक्ट रोजगार और फायदा मिलेगा। मैं मुख्यमंत्री जी को धन्यवाद देता हूं।
हम राज्य में आईटी सेक्टर को नई ऊँचाई प्रदान करने के लिए संकल्पित
एचएलबीएस प्राइवेट लिमिटेड के श्री मितेश लोकवानी ने कहा कि हमने 2004 में कंपनी की शुरुआत की थी। अभी भोपाल में नई यूनिट स्थापित की है, जो डेस्क टॉप निर्माण में कार्य कर रही है। हमारी कंपनी ने देश-दुनिया में कंप्यूटर और आईटी उपकरण निर्यात किए हैं। एचएलबीएस आज मेक इन इंडिया के विजन पर कार्य करते हुए देश की 7वीं ऐसी कंपनी है, जिसे राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है। हम मध्यप्रदेश सरकार के साथ कार्य करते हुए राज्य में आईटी सेक्टर को नई ऊंचाई प्रदान करने के लिए संकल्पित हैं।
मुख्यमंत्री के विजन से कंपनी को विस्तार करने के लिए मिली जमीन
पंचशील प्राइवेट लिमिटेड के श्री अतुल चौरड़िया ने कहा कि हम इंदौर में फ्यूचर रेडी पंचशील आईटी पार्क की स्थापना करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के विजन से कंपनी के विस्तार के लिए जमीन मिली है। कंपनी डाटा सेंटर तैयार करने की दिशा में भी कार्य कर रही है।
मध्यप्रदेश की नीतियां हैं अत्यंत प्रगतिशील
मीडिया एवं मनोरंजन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के सचिव श्री अंकुर भसीन ने कहा मध्यप्रदेश की नीतियां अत्यंत प्रगतिशील हैं, जो राज्य में निवेश को आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। निवेशकों के प्रति राज्य सरकार का रुख बेहद सहयोगात्मक है। मैं मुख्यमंत्री डॉ. यादव और मध्यप्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करता हूँ।
मध्यप्रदेश आकर हुआ सकारात्मक अनुभव
क्रेजी कब एनिमेशन स्टूडियो प्रायवेट लिमिटेड के फाउंडर एवं मैनेजिंग डायरेक्टर श्री कमल पाहूजा ने कहा कि मध्यप्रदेश आकर राउंड टेबल मीटिंग में भाग लेना सकारात्मक अनुभव रहा। राज्य सरकार ने निवेश को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण नीतियां लागू की हैं। मैं मध्यप्रदेश सरकार को धन्यवाद देता हूं।
नीतियों के लिए मुख्यमंत्री का आभार
मोशन जिलेटी प्राइवेट लिमिटेड के फाउंडर श्री हिमांशु चतुर्वेदी ने कहा मध्यप्रदेश सरकार ने निवेशकों के हित में जो नीतियां बनाई हैं, उन्हें प्रभावी रूप से धरातल पर लागू करने का कार्य किया जा रहा है। मैं मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार व्यक्त करता हूँ।
राज्य में टेक्नोलॉजी के विस्तार में मिलेगी मदद
पिकसेलजी एम्पायर्स प्रायवेट लिमिटेड के फाउंडर श्री प्रशांत श्रीवास ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने जो नीतियां लॉन्च की हैं, उनके लिए मैं मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार व्यक्त करता हूं। इन नीतियों से राज्य में टेक्नोलॉजी के विस्तार में मदद मिलेगी।”
मुख्यमंत्री की पहल का स्वागत
कॉन्क्लेव में शामिल हुईं निवेशक रुचि सिंह ने कहा कि जिस तरह से सरकार नई नीतियां ला रही है और निवेशकों को सुविधाएं दे रही है, वह वाकई सराहनीय है। मैं मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में इस क्रांतिकारी पहल की सराहना करती हूं।
हम मध्यप्रदेश सरकार के बहुत आभारी हैं।
ग्रीन गोल्ड एनीमेशन के सीईओ श्री राजीव चिल्का ने कहा कि यह सुनकर बहुत खुशी हुई कि प्रदेश सरकार इंदौर में एवीजीसी केंद्र स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उम्मीद है कि निकट भविष्य में बहुत सारे स्टूडियो इसका हिस्सा बनेंगे। हम मध्यप्रदेश सरकार के बहुत आभारी हैं।
केंद्रित दृष्टिकोण और कार्यान्वयन के लिए धन्यवाद
कायरा एनीमेशन प्रायवेट लिमिटेड के सीईओ श्री अर्पित दुबे ने कहा कि हम मुख्यमंत्री डॉ. यादव और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग को मध्यप्रदेश में एवीजीसी-एक्सआर नीति के प्रति उनके केंद्रित दृष्टिकोण और कार्यान्वयन के लिए धन्यवाद देते हैं।