नई दिल्ली. देश की अग्रणी आईटी कंपनी इन्फोसिस (Infosys) ने 18 अप्रैल को 240 ट्रेनीज़ को नौकरी से हटाने का निर्णय लिया है। ये सभी ट्रेनी कंपनी की “Generic Foundation Training Program” में तीन बार असफल रहे, जिसके बाद यह कदम उठाया गया। इससे पहले फरवरी में भी कंपनी ने 300 से अधिक ट्रेनीज़ को इसी तरह बाहर किया था।
कंपनी के एचआर विभाग की ओर से भेजे गए ईमेल में स्पष्ट रूप से लिखा गया है कि छात्रों को अतिरिक्त समय, डाउट-क्लियरिंग सेशन्स और मॉक टेस्ट्स जैसी सुविधाएं देने के बावजूद वे निर्धारित क्वालिफिकेशन मानकों को पूरा नहीं कर सके। इसी वजह से अब उन्हें अप्रेंटिसशिप प्रोग्राम में आगे नहीं बढ़ाया जा सकता।
हालांकि, कंपनी ने इन ट्रेनीज़ को पूरी मदद देने का भरोसा भी जताया है। इन्फोसिस NIIT और UpGrad के साथ मिलकर मुफ्त अपस्किलिंग प्रोग्राम्स की पेशकश कर रही है, जिससे ये युवा BPM (बिजनेस प्रोसेस मैनेजमेंट) इंडस्ट्री में नए अवसर तलाश सकें।
कंपनी ने यह भी कहा है कि जो छात्र IT क्षेत्र में ही करियर बनाना चाहते हैं, उनके लिए IT फंडामेंटल्स पर आधारित विशेष ट्रेनिंग प्रोग्राम उपलब्ध है। इस ट्रेनिंग को सफलतापूर्वक पूरा करने पर छात्र Infosys BPM Limited में उपलब्ध पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं।