मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विकिपीडिया पर छत्रपति संभाजी महाराज के बारे में प्रकाशित गलत और आपत्तिजनक जानकारी को हटाने के लिए राज्य की साइबर पुलिस को तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। यह निर्णय हाल ही में रिलीज हुई बॉलीवुड फिल्म “छावा” के बाद बढ़े विवादों के बीच लिया गया है, जिसने मराठा इतिहास से जुड़े कई संवेदनशील मुद्दों को उठाया है।
कुछ संगठनों और इतिहासकारों ने विकिपीडिया पर संभाजी महाराज से संबंधित गलत तथ्यों की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित किया, जिसके बाद मुख्यमंत्री फडणवीस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इतिहास के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ सहन नहीं की जाएगी और इसे रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि महाराष्ट्र साइबर सेल के महानिरीक्षक विकिपीडिया के अधिकारियों से संपर्क करें और आपत्तिजनक सामग्री को हटाने की मांग करें। उन्होंने कहा,
“ऐतिहासिक तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने की किसी को अनुमति नहीं दी जाएगी। यह समाज में गलत संदेश फैलाने का प्रयास है, जिसे सरकार पूरी तरह अस्वीकार करती है।”
फडणवीस ने यह भी स्वीकार किया कि विकिपीडिया एक ‘ओपन सोर्स’ (Open Source) प्लेटफॉर्म है, जिसे दुनिया भर के स्वयंसेवक संपादित करते हैं, और इस पर नियंत्रण पाना आसान नहीं है। उन्होंने कहा, “विकिपीडिया भारत से संचालित नहीं होता, इसलिए इसे सीधे नियंत्रित करना मुश्किल है। लेकिन हम उनसे अनुरोध करेंगे कि वे ऐतिहासिक तथ्यों की सुरक्षा के लिए सख्त नियम लागू करें।”
फडणवीस ने इस मुद्दे को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के नियमन से भी जोड़ा। उन्होंने कहा कि सरकार अनुचित और आपत्तिजनक सामग्री को रोकने के लिए केंद्र सरकार से चर्चा करेगी। “अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की अपनी सीमाएं होती हैं। जब यह स्वतंत्रता किसी के सम्मान को ठेस पहुंचाने या इतिहास को विकृत करने के लिए इस्तेमाल की जाती है, तो सरकार उचित कार्रवाई कर सकती है।”