बलूचिस्तान। बलूचिस्तान में अलगाववादी विद्रोहियों ने एक बार फिर पाकिस्तानी सेना पर हमला किया है। बुधवार को बलूच अलगाववादियों ने केच, ग्वादर और बोलन जिलों में पाकिस्तानी सेना के खिलाफ बड़े हमलों को अंजाम दिया। विद्रोहियों ने पाकिस्तानी सेना के मुख्य शिविर को भी निशाना बनाया और कई महत्वपूर्ण राजमार्गों पर कब्जा कर लिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, केच जिले में चीन-पाकिस्तान इकोनॉमिक कॉरिडोर (CPEC) राजमार्ग पर अलगाववादियों ने कई ट्रकों को निशाना बनाया और उनमें आग लगा दी। वहीं, ग्वादर जिले में विद्रोहियों ने पांच पंजाबियों की पहचान कर उन्हें गोली मार दी। तुर्बत जिले में गोलियों की आवाजों और विस्फोटों से दहशत का माहौल है। चश्मदीदों ने बताया कि बड़ी संख्या में सशस्त्र बलूच लड़ाके इलाके में गश्त करते देखे गए। विद्रोहियों ने मंड में स्थित पाकिस्तानी सेना के शिविर पर भी हमला किया।
बलूचिस्तान में बढ़ते तनाव के बीच सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें हथियारबंद लड़ाके क्वेटा-कराची रोड पर नाकाबंदी करते और बाइक पर गश्त लगाते दिख रहे हैं। हाल के महीनों में बलूच अलगाववादी समूहों ने पाकिस्तानी सेना और सुरक्षाबलों के खिलाफ अपने हमलों को तेज कर दिया है, जिससे क्षेत्र में हालात और अधिक संवेदनशील हो गए हैं।