नई दिल्ली. आईपीएल 2025 के मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 7 विकेट से हरा दिया। हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन मिचेल स्टार्क की घातक गेंदबाजी के आगे उनकी टीम सिर्फ 163 रन पर सिमट गई। दिल्ली ने यह लक्ष्य 16 ओवर में ही हासिल कर लिया। सनराइजर्स की शुरुआत खराब रही। पहले ही ओवर में ट्रैविस हेड ने दो चौके लगाए, लेकिन अभिषेक रन आउट हो गए। स्टार्क ने अपने अगले ओवर में इशान और नितीश को आउट कर दिल्ली को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। इसके बाद उन्होंने हेड को भी पवेलियन भेज दिया।
अनिकेत वर्मा (74 रन, 41 गेंद) और हेनरिक क्लासेन (32 रन) ने पांचवें विकेट के लिए 77 रन जोड़े, लेकिन टीम को बड़े स्कोर तक नहीं पहुंचा सके। ट्रेविस हेड (22) के अलावा कोई अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाया। मिचेल स्टार्क ने अपने आईपीएल करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करते हुए 35 रन देकर 5 विकेट झटके, जबकि कुलदीप यादव ने 22 रन देकर 3 विकेट लिए। सनराइजर्स की पूरी टीम 18.4 ओवर में 163 रन पर सिमट गई।
लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। जैक फ्रैजर ने 32 गेंदों में 38 रन बनाए। फाफ डुप्लेसी ने महज 27 गेंदों में अर्धशतक जड़ा और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अभिषेक पोरेल (34 रन, 18 गेंद), लोकेश राहुल (15 रन, 5 गेंद) और ट्रिस्टन स्टब्स (21 रन, 15 गेंद) ने भी उपयोगी पारियां खेलीं। दिल्ली ने 16 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। हैदराबाद की ओर से जीशान अंसारी ने 3 विकेट लिए, लेकिन बाकी गेंदबाज असरदार साबित नहीं हुए। इस जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद को हार का सामना करना पड़ा।