IPL 2025: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को घर में लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा

By: PalPal India News
April 19, 2025

नई दिल्ली। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) के लिए आईपीएल 2025 का घरेलू सफर अब तक निराशाजनक रहा है। टीम को लगातार तीसरे मैच में अपने घर में हार का सामना करना पड़ा। शुक्रवार रात खेले गए मुकाबले में पंजाब किंग्स ने RCB को 5 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पांचवीं जीत दर्ज की। इस जीत के साथ पंजाब पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि RCB एक पायदान फिसलकर चौथे स्थान पर आ गई है। RCB ने अब तक खेले 7 में से 3 मुकाबले गंवाए हैं।

बारिश की वजह से मैच की शुरुआत करीब ढाई घंटे की देरी से रात 9:45 बजे हुई, जिसके चलते मुकाबला 14-14 ओवर का कर दिया गया। पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। RCB की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने जल्दी-जल्दी विकेट गंवाए।

RCB की पारी में टिम डेविड ही एकमात्र बल्लेबाज रहे जिन्होंने दमदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 26 गेंदों में नाबाद 50 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 3 छक्के शामिल थे। एक समय टीम 63 रन पर 9 विकेट गंवा चुकी थी, लेकिन डेविड ने आखिरी ओवर में हरप्रीत ब्रार के खिलाफ लगातार तीन छक्के जड़कर स्कोर 95 तक पहुंचाया। उन्होंने जोश हेजलवुड के साथ आखिरी विकेट के लिए 14 गेंद में 32 रन की साझेदारी भी की। कप्तान रजत पाटीदार ने 18 गेंद में 23 रन बनाए।

पंजाब की ओर से अर्शदीप सिंह, मार्को यानसेन, युजवेंद्र चहल और हरप्रीत ब्रार ने दो-दो विकेट चटकाए, जबकि जेवियर बार्टलेट को एक विकेट मिला। चहल और यानसेन ने अपने तीन ओवर के कोटे में बेहद किफायती गेंदबाजी की, क्रमश: 11 और 10 रन ही दिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब की शुरुआत भी डगमगाई। प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह ने कुछ आकर्षक शॉट जरूर लगाए, लेकिन दोनों जल्दी आउट हो गए। इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर और इंग्लिस भी हेजलवुड की गेंदों का शिकार बने, जिससे पंजाब पर दबाव बढ़ गया।

लेकिन नेहल वढेरा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत की ओर ले गए। उन्होंने सिर्फ 19 गेंदों में नाबाद 33 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 3 छक्के शामिल थे। उन्होंने अंत में आकर तेजी से रन बनाकर मैच का पासा पलट दिया। RCB की ओर से जोश हेजलवुड ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 14 रन देकर 3 विकेट झटके। भुवनेश्वर कुमार को भी 2 सफलता मिली, लेकिन बल्लेबाजों की नाकामी ने टीम को जीत से दूर कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *