नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 का आगाज 22 मार्च से हो सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, टूर्नामेंट का पहला मुकाबला गत विजेता कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला जाएगा।
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, इस सीजन का फाइनल मुकाबला 25 मई को कोलकाता में ही आयोजित किया जा सकता है। इस बार गुवाहाटी और धर्मशाला को भी अतिरिक्त स्थानों के रूप में जोड़ा गया है, जिससे इन मैदानों पर भी मैच खेले जाएंगे।
सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) अपनी पहली भिड़ंत 25 मार्च को अपने घरेलू मैदान राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम, उप्पल में राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ करेगी।
हालांकि, आईपीएल 2025 के आधिकारिक कार्यक्रम का अब भी इंतजार है। बीसीसीआई ने अभी तक पूरा शेड्यूल जारी नहीं किया है, लेकिन फ्रेंचाइजी को कुछ अहम मैचों की संभावित तारीखों की जानकारी दी गई है। सूत्रों के मुताबिक, फाइनल मुकाबला गत चैंपियन के शहर में आयोजित किया जाएगा, यानी 25 मई को ईडन गार्डन्स, कोलकाता में फाइनल होने की संभावना है।