नई दिल्ली. ईरान और इजरायल के बीच चल रहे संघर्ष के पांचवें दिन भी हालात और गंभीर हो गए हैं। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने मंगलवार को तेल अवीव में इजरायल के सैन्य खुफिया और मोसाद से जुड़ी प्रमुख सुविधाओं पर हमला किया। ईरानी एयरोस्पेस बल ने दावा किया कि उन्होंने इजरायल की उन्नत वायु रक्षा प्रणाली को भेदते हुए ‘प्रभावी हमला’ किया है।
ईरान के अर्ध-सरकारी मीडिया तस्नीम के अनुसार, इन हमलों में कई इजरायली सैन्य अधिकारी और खुफिया एजेंसियों के कमांडर मारे गए। IRGC ने कहा कि उन्होंने विशेष रूप से इजरायली सेना के अमन मुख्यालय और मोसाद से जुड़ी हत्या योजनाओं के केंद्र को निशाना बनाया।
दूसरी ओर, इजरायली सेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए मंगलवार तड़के पश्चिमी ईरान में हवाई हमलों की एक नई श्रृंखला शुरू की। इजरायली वायु सेना के अनुसार, इस हमले में सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइल लांचर और एक कमांड सेंटर को निशाना बनाया गया, जिसमें ईरान के शीर्ष सैन्य कमांडर अली शादमानी मारे गए। अली शादमानी ने महज चार दिन पहले यह पद संभाला था। वे अपने पूर्ववर्ती घोलम अली राशिद की जगह पर आए थे, जो हाल ही में इजरायली हमले में मारे गए थे।
इजरायली सेना ने यह भी बताया कि मंगलवार सुबह ईरान ने इजरायल पर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, जिनमें से कुछ मिसाइलें हर्जलिया शहर सहित इजरायल के मध्य इलाकों में गिरीं। इन हमलों में कुछ लोग मामूली रूप से घायल हुए। इजरायली सेना के प्रारंभिक आंकलन के मुताबिक, ईरान ने इजरायल पर लगभग 20 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं।
सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, इस संघर्ष के अब तक के आंकड़ों में ईरान में कम से कम 244 लोगों और इजरायल में 24 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है।
गौरतलब है कि यह संघर्ष शुक्रवार को उस समय और भड़क उठा जब इजरायल ने ईरान पर अचानक हवाई हमले किए थे, जिसके बाद दोनों देशों के बीच सीधा सैन्य टकराव शुरू हो गया।